इन आदतों से बढ़ रहा वजन,सुबह से रात तक की गलतियां पड़ सकती हैं भारी
सुबह से रात तक की कुछ आम आदतें वजन बढ़ाने में भूमिका निभा सकती हैं। मीठे पेय, बैठे रहना, स्नैकिंग, देर रात खाना और नींद की कमी पर ध्यान दें।
सुबह की गलत शुरुआत और दिनभर बैठे रहना बढ़ा सकता है वजन
➤ मीठे पेय, बार-बार स्नैकिंग और देर रात खाना भी बन सकता है वजह
➤ नींद की कमी और शारीरिक निष्क्रियता से वजन नियंत्रण हो सकता है मुश्किल
अधिक वजन या मोटापा मौजूदा समय की सबसे गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों में से एक है। इसका असर सिर्फ शरीर के लुक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह कई तरह की बीमारियों का शिकार बनने का जोखिम भी बढ़ा सकता है। यही वजह है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ वजन को नियंत्रित रखने के लिए खान-पान के साथ-साथ पूरी दिनचर्या पर ध्यान देने की सलाह देते हैं।
जब भी वजन बढ़ने की बात आती है तो सबसे पहले खान-पान की गड़बड़ी का ख्याल आता है। बहुत ज्यादा मीठी या हाई कैलोरी वाली चीजों को वजन बढ़ने की प्रमुख वजह माना जाता है। हालांकि, शरीर का वजन सिर्फ भोजन पर निर्भर नहीं करता। इसमें शारीरिक मेहनत, नींद, तनाव, दवाओं और आनुवंशिक कारणों की भी भूमिका हो सकती है।
सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक हमारी दिनचर्या में कई ऐसी आदतें शामिल होती हैं, जिन पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता। लंबे समय तक बैठे रहना, मीठे पेय लेना, बिना भूख के बार-बार कुछ खाते रहना, देर रात तक मोबाइल या टीवी देखना और पर्याप्त नींद न लेना भी वजन को प्रभावित कर सकता है।
सुबह की शुरुआत से ही हो जाती है दिनभर की कैलोरी की कहानी
सुबह की खान-पान की आदतें वजन नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सुबह उठने के बाद लंबे समय तक कुछ न खाना और फिर बहुत ज्यादा भूख लगने पर एक साथ अधिक कैलोरी वाली चीजें खा लेना वजन को नियंत्रित करना मुश्किल बना सकता है।
इसी तरह दिन की शुरुआत मीठे पेय, बिस्कुट या बहुत ज्यादा चीनी वाली चीजों से करने पर शरीर में अतिरिक्त कैलोरी बढ़ सकती है। इससे वजन बढ़ने का जोखिम रहता है।
इसके मुकाबले प्रोटीन, फाइबर और पौष्टिक खाद्य पदार्थों वाला संतुलित नाश्ता लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। इससे बार-बार खाने की जरूरत कम हो सकती है और वजन बढ़ने के खतरे को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
घंटों बैठे रहना भी बढ़ा सकता है वजन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां
आज के समय में ऑफिस और पढ़ाई के दौरान लंबे समय तक बैठे रहना आम हो गया है। इसके अलावा मोबाइल और टीवी पर ज्यादा निर्भरता के कारण भी दिन का बड़ा हिस्सा बैठे-बैठे निकल जाता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञों के अनुसार, शारीरिक तौर पर कम मेहनत करना और लंबे समय तक बैठे रहने की आदत बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी में शरीर में अतिरिक्त चर्बी और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ाने वाली पाई गई है।
डब्ल्यूएचओ के अनुसार शारीरिक निष्क्रियता गैर-संचारी बीमारियों का सबसे बड़ा कारण है। वहीं पर्याप्त शारीरिक मेहनत बच्चों तथा किशोरों में शरीर की अतिरिक्त चर्बी और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य को ठीक रखने में मददगार मानी जाती है।
अगर रोज व्यायाम के लिए अलग समय निकालना मुश्किल हो रहा है, तो लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचना भी जरूरी है। पैदल चलना, सीढ़ियां लेना और घरेलू काम भी कैलोरी बर्न करने में मदद कर सकते हैं।
मीठी चाय-कॉफी और पैकेज्ड जूस से बढ़ सकती है दिन की कुल कैलोरी
कई बार वजन बढ़ने की वजह भोजन की मात्रा नहीं, बल्कि दिनभर में लिए जाने वाले छोटे-छोटे पेय और स्नैक्स होते हैं। चाय या कॉफी में ज्यादा चीनी डालना, मीठे पेय पीना और पैकेज्ड जूस का सेवन करना शरीर में अतिरिक्त कैलोरी जमा होने की वजह बन सकता है।
ऐसी चीजों का सेवन बार-बार होने पर दिनभर की कुल कैलोरी बढ़ सकती है। इसलिए वजन को नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए अपनी रोजमर्रा की खान-पान की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है।
बिना भूख बार-बार कुछ खाना भी बन सकता है परेशानी की वजह
अगर हर कुछ घंटे में भूख न होने के बावजूद कुछ खाने की आदत है तो इससे भी दिन की कुल कैलोरी बढ़ सकती है। कई बार लोग इसे छोटा स्नैक मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन पूरे दिन में बार-बार ऐसा करने से अतिरिक्त कैलोरी का सेवन बढ़ सकता है।
वजन नियंत्रण के लिए सिर्फ मुख्य भोजन पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। दिनभर में क्या और कितनी बार खाया जा रहा है, इस पर भी नजर रखना जरूरी है।
देर रात तक मोबाइल-टीवी देखने से बिगड़ सकती है नींद
दिनभर की व्यस्तता के बाद देर रात तक मोबाइल या टीवी देखने की आदत भी वजन नियंत्रण को प्रभावित कर सकती है। स्क्रीन पर समय बिताने के कारण सोने का समय पीछे खिसक सकता है, जिससे नींद की अवधि कम हो सकती है।
नींद कम और खराब होने का भी वजन पर सीधा असर पड़ता है। इसलिए वजन को नियंत्रित रखने के लिए केवल खाने और शारीरिक गतिविधि पर ध्यान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरी दिनचर्या में सुधार करना जरूरी है।
वजन घटाने के लिए सिर्फ खाना कम करना पर्याप्त नहीं
वजन लगातार बढ़ रहा है तो केवल खाना कम करना इसका समाधान नहीं है। सुबह से रात तक की पूरी दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है। संतुलित नाश्ता, लंबे समय तक बैठे रहने से बचना, नियमित शारीरिक गतिविधि, मीठे पेय और अनावश्यक स्नैकिंग पर नियंत्रण तथा पर्याप्त नींद जैसी आदतें वजन नियंत्रण में मददगार हो सकती हैं।
इसलिए वजन बढ़ने की समस्या को केवल ज्यादा खाने से जोड़कर देखने के बजाय अपनी रोजमर्रा की आदतों पर भी ध्यान देना चाहिए। सुबह की शुरुआत से लेकर रात में सोने तक की छोटी-छोटी आदतों में सुधार वजन को नियंत्रित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
Akhil Mahajan