नशा मुक्ति और मानसिक रोगों का अब एक ही जगह इलाज, कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने किया यास्‍ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ

पानीपत में यास्ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन किया गया। यहां नशा मुक्ति और मानसिक रोगों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे।

नशा मुक्ति और मानसिक रोगों का अब एक ही जगह इलाज, कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने किया यास्‍ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ
  • पानीपत में यास्ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन
  • कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने किया सेंटर का शुभारंभ
  • आधुनिक सुविधाओं के साथ नशा मुक्ति और मानसिक रोगों का इलाज


पानीपत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देते हुए यास्ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र प्रेम कैंसर हॉस्पिटल के प्रथम तल, जीटी रोड, बडोली, पानीपत में स्थित है। उद्घाटन कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर यास्ता मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र की संस्थापक तेजेंद्र सुरी, प्रेम कैंसर अस्पताल के अध्यक्ष डॉक्टर पंकज मुटनेजा, उपाध्यक्ष डॉक्टर रचना मुटनेजा, निदेशक डॉक्टर अभिनव मुटनेजा और मनोरोग विशेषज्ञ डॉक्टर अंकुर सिंघल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पानीपत और करनाल ब्लॉक से आए सरपंचों सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि महिपाल ढांडा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पानीपत में अब तक इस तरह की आधुनिक सुविधाओं वाला कोई मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास केंद्र नहीं था। उन्होंने इसे जिले के लिए बेहद जरूरी और सराहनीय कदम बताया।

संस्थापक तेजेंद्र सुरी ने केंद्र की सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह सेंटर दुबई आधारित एनआरआई द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां सरकारी मान्यता प्राप्त भर्ती की सुविधा उपलब्ध है। बेकाबू मानसिक रोगियों की लंबे समय तक भर्ती और इलाज की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि केंद्र में नशा मुक्ति से जुड़ी सेवाएं भी दी जाएंगी। शराब, स्मैक, भुक्की, गांजा, अफीम, डोडा, सुल्फा, नशे के इंजेक्शन और गोलियों की लत छुड़वाने का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही पागलपन, हिंसा, वहम, आत्महत्या के विचार, गुस्सैलापन और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का उपचार भी उपलब्ध रहेगा।

मरीजों के समग्र इलाज के लिए साइकोथेरेपी, फैमिली थेरेपी, योग थेरेपी, फिजियोथेरेपी और काउंसलिंग की सुविधा भी केंद्र में दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रेम अस्पताल पानीपत, प्रेम कैंसर अस्पताल बडोली और प्रेम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के अध्यक्ष डॉक्टर पंकज मुटनेजा ने सभी अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद किया। इस अवसर पर अस्पताल और संस्थान के छात्र-छात्राएं तथा समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा।