मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की सप्लाई, CIA ने 13,200 गोलियां-कैप्सूल पकड़े
सिरसा में CIA ने मेडिकल स्टोर संचालक से 13,200 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए। ड्रग विभाग ने नोटिस जारी कर दवाओं की सप्लाई का स्रोत पूछा।
सिरसा में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया
➤ CIA ने खैरेकां के पास नेशनल हाईवे से 13,200 गोलियां और कैप्सूल बरामद किए
➤ आरोपी संचालक को डिटेन कर ड्रग विभाग के हवाले किया, सप्लाई के स्रोत पर मांगा जवाब
सिरसा में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया है। सीआईए स्टाफ ने खैरेकां के पास नेशनल हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक को पकड़ा है। उसके कब्जे से 13,200 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं। बरामद दवाओं की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए आंकी गई है।
आरोपी की पहचान सुखजीत सिंह के रूप में हुई है। वह भंगू गांव का रहने वाला है और गांव में ही मेडिकल शॉप चलाता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी काफी समय से मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी और बरामद दवाओं को आगामी कार्रवाई के लिए औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ के हवाले कर दिया है।
ड्रग विभाग ने आरोपी को नोटिस जारी कर दवाओं की सप्लाई के स्रोत के बारे में जवाब मांगा है। विभाग यह जानना चाहता है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं वह कहां से लेकर आया था।
सूचना पर CIA ने नेशनल हाईवे पर की रेड
पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरेकां के पास नेशनल हाईवे पर एक युवक नशीली गोलियां और कैप्सूल बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और युवक को काबू कर लिया।
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। जांच के दौरान उसकी पहचान सुखजीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह भंगू गांव में मेडिकल शॉप चलाता है और लंबे समय से मेडिकल की आड़ में नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था।
4,200 टेपेंटाडोल गोलियां और 9,000 प्रेगाबालिन कैप्सूल मिले
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से टेपेंटाडोल की 4,200 गोलियां और प्रेगाबालिन के 9,000 कैप्सूल बरामद किए गए। दोनों को मिलाकर कुल 13,200 नशीली दवाएं मिली हैं। इनकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी और बरामद दवाओं को औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ को सौंप दिया। इसके बाद ड्रग विभाग की टीम ने दवाओं के संबंध में आरोपी से पूछताछ की।
ड्रग विभाग ने नोटिस जारी कर मांगा दवाओं का स्रोत
सूचना मिलने पर औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी से पूछताछ की कि वह बरामद नशीली दवाएं कहां से लेकर आया था और उनकी सप्लाई का स्रोत क्या है। हालांकि, पूछताछ के दौरान आरोपी दवाओं की सप्लाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया।
इसके बाद ड्रग विभाग ने सुखजीत सिंह को नोटिस जारी किया। नोटिस के माध्यम से उससे जवाब मांगा गया है कि वह ये दवाएं कहां से लेकर आया था। विभाग की ओर से दवाओं की सप्लाई के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी गई है।
BNSS की धारा 172 के तहत आरोपी को किया डिटेन
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सदर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके तहत उसे डिटेन किया गया। इसके बाद आरोपी और बरामद नशीली दवाओं को आगामी कार्रवाई के लिए औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ के हवाले कर दिया गया।
एसपी ने बताया कि मामले में ड्रग विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मेडिकल स्टोर संचालकों को एसपी की चेतावनी
एसपी दीपक सहारण ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के बिना किसी को भी नशीली और आदत डालने वाली दवाएं न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने मेडिकल स्टोर संचालकों से दवाओं की बिक्री के नियमों का पालन करने की अपील की है।
Akhil Mahajan