करनाल में दोस्त ने की ह*त्या,पार्क में डंडे से सिर पर किए कई वार, राहुल की मौ*त
करनाल के सेक्टर-12 पार्क में राहुल की डंडे से पीटकर हत्या का आरोप। बहन के बयान पर दोस्त डोन के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज।
करनाल के सेक्टर-12 में पार्क के अंदर युवक राहुल की डंडे से पीटकर हत्या
➤ बहन आरती का आरोप- दोस्त डोन बातचीत के बहाने पार्क में ले गया, सिर पर किए कई वार
➤ अस्पताल पहुंचने पर तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया
हरियाणा के करनाल में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। सेक्टर-12 स्थित झुग्गियों के पास बने पार्क में एक युवक की लकड़ी के डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक का परिचित उसे बातचीत करने के बहाने पार्क के एक कोने में ले गया और वहां उसके सिर पर डंडे से कई वार किए। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे पहले नागरिक अस्पताल करनाल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में मृतक की बहन आरती के बयान पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी डोन के खिलाफ हत्या और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 1 से 1:30 बजे के बीच झुग्गियों में पहुंचा था आरोपी, राहुल को पार्क में ले गया
पुलिस को दिए बयान में 19 वर्षीय आरती ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ करनाल के सेक्टर-12 स्थित झुग्गियों में रहती है और कोठियों में साफ-सफाई का काम करती है। उसकी शादी अजीत के साथ हुई है। परिवार में उसका भाई राहुल, माता और बहन भी साथ रहते हैं।
आरती के अनुसार, राहुल और डोन आपस में दोस्त थे। डोन भी मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला है और फिलहाल करनाल की दुर्गा कॉलोनी में रहता है।
आरती ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे डोन झुग्गियों में आया था। वहां उसने राहुल से बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद वह राहुल को सेक्टर-12 में बने पार्क के एक कोने की तरफ ले गया। आरोप है कि पार्क में पहुंचने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई और डोन ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपी जोर-जोर से कह रहा था कि आज वह राहुल को जान से मार देगा। रात के समय पार्क में हुई इस घटना के दौरान शोर सुनकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे मौके की तरफ दौड़े।
बहन ने पार्क में पहुंचकर देखा, डोन डंडे से राहुल के सिर पर कर रहा था वार
आरती के मुताबिक, जब वह शोर सुनकर पार्क में पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर घबरा गई। उसने देखा कि डोन लकड़ी के डंडे से राहुल के सिर पर लगातार वार कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ रूपम और महेंद्र मुखिया का बेटा कन्हैया भी मौके पर पहुंच गए।
तीनों को अपनी तरफ आता देखकर आरोपी ने राहुल को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने मौके पर पहुंचे लोगों को भी चेतावनी दी कि यदि किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह उन्हें भी मार देगा।
इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। वह कोर्ट एरिया की तरफ फरार हो गया। परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
सिर और मुंह पर गंभीर चोटें, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
डंडे से हमले में राहुल के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। वह बेहोशी की हालत में था। इसके बाद आरती, रूपम और कन्हैया उसे तुरंत सरकारी अस्पताल करनाल लेकर पहुंचे।
नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों ने राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस के माध्यम से उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया।
परिवार के लिए यह घटना बड़ा सदमा बन गई। जिस युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल से पुलिस को मिला मृत अवस्था में पहुंचने का रुक्का
इस मामले में 4 नवंबर को थाना सिविल लाइन में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार को पहले सूचना मिली थी कि राहुल लड़ाई में लगी चोटों के कारण नागरिक अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलने के बाद वह सिपाही सचेत के साथ अस्पताल पहुंचे।
हालांकि, इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि राहुल को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इसके बाद पुलिसकर्मी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां अस्पताल की तरफ से राहुल के मृत अवस्था में पहुंचने का रुक्का मिला।
इसके बाद उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने मृतक की बहन आरती के बयान दर्ज किए। आरती ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपी डोन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आरोपी डोन के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 351(2) में मुकदमा दर्ज
आरती के बयान और अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या और जान से मारने की धमकी देने का मामला पाया। इसके बाद थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी डोन निवासी समस्तीपुर, बिहार, हाल निवासी दुर्गा कॉलोनी करनाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।
मुकदमे की जांच के लिए संबंधित कागजात और मूल शिकायत अनुसंधान अधिकारी को भेज दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan