हरियाणा में मां-बेटी की मौ*त,बच्ची चिल्लाते हुए बाहर आई, मां कमरे में जली मिली

सिरसा में कविता और उसकी 2 साल की बेटी सानवी आग में झुलसकर मरीं। भाई ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया, पति समेत चार पर केस दर्ज हुआ।

हरियाणा में मां-बेटी की मौ*त,बच्ची चिल्लाते हुए बाहर आई, मां कमरे में जली मिली

सिरसा में कविता और उसकी 2 साल की बेटी सानवी की आग में झुलसने से मौत
बच्ची झुलसते हुए घर से बाहर आई, इलाज के दौरान मौत; मां कमरे में जली मिली
भाई का दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति समेत चार पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की

सिरसा में 32 वर्षीय कविता और उसकी दो साल की बेटी सानवी की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की है। परिवार ने ससुराल पक्ष पर दोनों को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। घटना के समय कविता घर में थी और बाद में वह कमरे में करीब 60 प्रतिशत जली हुई मिली। वहीं उसकी छोटी बेटी सानवी झुलसते हुए घर से बाहर आई। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

मृतका के भाई सतीश का आरोप है कि ससुराल वाले काफी समय से दहेज की मांग को लेकर कविता को परेशान करते थे। परिवार के मुताबिक, मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। कविता कुछ समय के लिए मायके भी आ गई थी, लेकिन बाद में उसका पति उसे वापस ससुराल ले गया था।

पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति संदीप कुमार, सास शांति देवी, ससुर ओम सहारण और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल, आग लगने की परिस्थितियों और परिवार के बयानों की जांच कर रही है।

बेटी के जन्मदिन पर भाई को दी बधाई, कहा- सानवी सो रही है

मृतका की पहचान शक्कर मंदोरी निवासी कविता (32) के रूप में हुई है। उसके भाई सतीश के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर 1:35 बजे कविता ने उसके मोबाइल पर कॉल की थी। उसने भाई को उसके बेटे के जन्मदिन की बधाई दी।

कविता ने भाई से कहा था कि उसकी बेटी सानवी सो रही है, वरना वह वीडियो कॉल करती। इसके करीब दो मिनट बाद उसने अपने पिता बनारसी दास से भी फोन पर बात की। पिता से बातचीत के दौरान कविता ने कहा कि आप काम कर लो, बाद में बात करेगी।

इसके करीब एक घंटे बाद ही मायके वालों को कविता और उसकी बेटी के जलने की सूचना मिली।

2:30 बजे ससुर के नंबर से आया फोन, गांव के सरपंच ने दी जानकारी

परिवार के अनुसार, करीब 2:30 बजे कविता के ससुर के मोबाइल नंबर से मायके वालों के पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गांव का सरपंच बताया और कहा कि उनकी बेटी जल गई है और उसकी मौत हो चुकी है।

सूचना मिलने के बाद कविता के मामा महेंद्र सिंह सबसे पहले गांव पहुंचे। इसके बाद मायके पक्ष के अन्य लोग भी शक्कर मंदोरी पहुंचे।

परिवार के मुताबिक, मौके पर कविता कमरे में जली हुई मिली, जबकि उसकी बेटी सानवी आग से झुलसते हुए कमरे से बाहर आ गई थी।

बच्ची चिल्लाते हुए बाहर आई, पहले नाथूसरी चौपटा फिर सिरसा और हिसार भेजा गया

कविता की बेटी सानवी आग से झुलसने के बाद कमरे से बाहर आई। उसकी चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। बच्ची को तत्काल नाथूसरी चौपटा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालत गंभीर होने पर उसे सिरसा रेफर किया गया। इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए हिसार भेजा गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी मौजूद रहे।

कमरे के दोनों तरफ गेट होने के बावजूद कविता बाहर क्यों नहीं आई? परिवार ने उठाए सवाल

कविता के परिजनों ने घटना की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि जिस कमरे में आग लगी, उसके एक तरफ घर की ओर और दूसरी तरफ खेतों की ओर गेट है।

परिजनों का दावा है कि कविता के पास खुद को बचाने के लिए कमरे से बाहर निकलने की स्थिति थी। इसके बावजूद वह कमरे के अंदर ही जली हुई मिली, जबकि उसकी छोटी बेटी सानवी झुलसते हुए बाहर निकल आई।

परिवार ने घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस भी आग लगने की परिस्थितियों और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

घटना के समय घर में किसी के नहीं होने का ससुराल पक्ष का दावा

मृतका की मां और भाई का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब ससुराल का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। परिवार के मुताबिक, ससुराल वालों ने बताया कि वे खेत में गए हुए थे।

वहीं कविता के पति संदीप का कहना है कि वह किसी काम से सिरसा शहर आया हुआ था। उसे दुकान पर फोन आने के बाद घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वह वापस गांव पहुंचा।

पुलिस अब परिवार के अलग-अलग बयानों और घटनास्थल से मिले तथ्यों को जांच का हिस्सा बना रही है।

शादी के बाद से दहेज को लेकर ताने देने का भाई का आरोप

कविता की शादी करीब 4 साल 3 महीने पहले शक्कर मंदोरी निवासी संदीप से हुई थी। संदीप का परिवार रावलवास कलां, हिसार में रहता है। पति और पूरा परिवार खेतीबाड़ी करता है।

कविता के भाई सतीश का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लेनदेन को लेकर उसकी बहन को ताने देते थे। भाई के मुताबिक, करीब दो साल पहले दहेज और लेनदेन को लेकर पंचायत भी हुई थी।

पंचायत के बाद कुछ समय तक परिवार में बातचीत सामान्य हो गई थी। लेकिन सतीश का आरोप है कि इसके बाद भी कविता को ताने दिए जाते रहे।

रक्षाबंधन पर भी ताना देने का आरोप, 14 सितंबर को ससुराल भेजी गई थी कविता

सतीश के मुताबिक, पिछले रक्षाबंधन पर भी कविता की सास ने उसे ताना दिया था कि वह कुछ लेकर नहीं आई। इसके बाद सतीश कविता को अपने साथ मायके रावलवास कलां ले आया था।

परिवार के अनुसार, कविता के ससुर ओम सहारण ने दो-तीन बार फोन किया। इसके बाद 14 सितंबर को कविता को उसके पति संदीप के साथ वापस ससुराल भेज दिया गया।

कविता के भाई का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से बार-बार दहेज की मांग की जाती थी। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

पति समेत चार लोगों पर केस, पुलिस ने शुरू की जांच

नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मायके पक्ष की शिकायत में पति संदीप कुमार, सास शांति देवी, ससुर ओम सहारण और ननद पर प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

फिलहाल दोनों शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे हैं। पुलिस घटनास्थल और वहां मौजूद परिस्थितियों की जांच कर रही है। इसके साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।