समालखा महिला आईटीआई में छात्राओं को मिली टूल किट, बढ़ेगा कौशल विकास
समालखा की महिला आईटीआई में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत छात्राओं को टूल किट बांटी गईं। पार्षद नरेश कौशिक और सेवानिवृत हैड मास्टर साहब सिंह ने छात्राओं को तकनीकी शिक्षा व करियर काउंसलिंग का महत्व बताया।
➤ महिला आईटीआई समालखा में छात्राओं को टूल किट वितरित
➤ कैरियर काउंसलिंग और तकनीकी शिक्षा पर जोर
➤ पार्षद नरेश कौशिक ने कहा तकनीकी ज्ञान से बनेगा उज्ज्वल भविष्य
अशोक शर्मा, समालखा
समालखा स्थित महिला आईटीआई में वीरवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए टूल किट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे तकनीकी शिक्षा को और बेहतर ढंग से आत्मसात कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड नंबर 6 के पार्षद नरेश कौशिक रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में शिक्षा और विशेषकर तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, "भारत आज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है और यही हमारी विकास यात्रा को गति दे रहा है। छात्राओं को चाहिए कि वे तकनीकी शिक्षा में दक्षता हासिल करें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।"
इस अवसर पर सेवानिवृत हैड मास्टर साहब सिंह ने छात्राओं को करियर काउंसलिंग दी। उन्होंने बच्चों को सही दिशा में प्रयास करने और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य सुशील कुमार, कंप्यूटर अनुदेशक नरेश कुमार, निशा शर्मा, आशा शर्मा और लिपिक सचिन कुमार भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर छात्राओं को शिक्षा और तकनीकी कौशल के महत्व पर प्रेरित किया।
Akhil Mahajan