पेट्रोल पंप पर युवक का म*र्डर,ऑफिस का शीशा तोड़कर बाहर निकाला, 2 आरोपी गिरफ्तार
हिसार के खारा बरवाला में पुरानी रंजिश में 19 वर्षीय रजनीश की हत्या हुई। पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसने पर शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया।
पुरानी रंजिश में 19 वर्षीय रजनीश की लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हत्या
➤ पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर बचने की कोशिश की, शीशा तोड़कर बाहर निकाला और पीटा
➤ 24 घंटे में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 13 नामजद समेत 15-16 अन्य के खिलाफ केस दर्ज
हिसार जिले के खारा बरवाला गांव में पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात 19 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खारा बरवाला निवासी रजनीश के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई, जब रजनीश अपने भाई के साथ बाइक पर दूध लेकर लौट रहा था और रास्ते में पेट्रोल पंप पर हवा भरवाने के लिए रुका था।
पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप पर पहले से मौजूद कुछ युवकों से बहस होने के बाद मामला बढ़ गया। देखते ही देखते 20-30 युवक हथियार लेकर वहां पहुंच गए और रजनीश पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए रजनीश पेट्रोल पंप के ऑफिस के केबिन में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने केबिन का शीशा तोड़ दिया और उसे बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा।
गंभीर हालत में रजनीश को इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पेट्रोल पंप पर हवा भरवाने रुके थे भाई, तभी शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई गौतम ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने भाई रजनीश के साथ बाइक से दूध लेकर लौट रहा था। रास्ते में वे पंवार फिलिंग स्टेशन पर बाइक में हवा भरवाने के लिए रुके थे।
पेट्रोल पंप पर पहले से कुछ युवक मौजूद थे। इसी दौरान उनसे बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर वहां 20-30 युवक हथियार लेकर आ धमके। इसके बाद रजनीश को घेरकर उस पर हमला कर दिया गया।
रजनीश ने हमलावरों से बचने के लिए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर खुद को अंदर बंद करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
ऑफिस का शीशा तोड़ा, बाहर खींचकर तब तक पीटा जब तक बेसुध नहीं हुआ
मृतक के भाई गौतम के अनुसार, रजनीश जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गया था। हमलावरों ने केबिन का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला और लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से हमला किया।
गौतम ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने रजनीश को तब तक पीटा, जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। इस दौरान गौतम ने भी खुद को बचाने की कोशिश की और वह दीवार के पीछे छिप गया।
हमले के बाद रजनीश को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
4 पुलिस टीमों ने CCTV फुटेज खंगाली, 24 घंटे में दो आरोपी दबोचे
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसपी सिद्धांत जैन के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने पेट्रोल पंप और घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराम उर्फ मोनू और अक्षय जाजूदा के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराम पुत्र सुखदेव और अक्षय जाजूदा पुत्र सुभाष, दोनों निवासी खारा बरवाला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अक्षय के खिलाफ पहले से 2 मामले दर्ज हैं।
13 नामजद और 15-16 अन्य के खिलाफ हत्या का केस
आदमपुर थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर 13 नामजद और 15-16 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मामले में सुमित, रोडू, नैना, शेखर, बब्बर, रुपेश उर्फ भकलू, गजराज उर्फ संदीप, सुनील, जैलदार उर्फ कुलदीप, अनिल उर्फ कुकिया और अजय को नामजद किया गया है। इसके अलावा जयराम पुत्र सुखदेव और अक्षय जाजूदा पुत्र सुभाष को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और मामले में शामिल बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
मृतक रजनीश पर भी दर्ज थे 6 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मृतक रजनीश भी हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ पहले से 6 आपराधिक मामले दर्ज थे। अब पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और नामजद समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Akhil Mahajan