हरियाणा में तेज रफ्तार पिकअप ने युवक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौ*त
यमुनानगर में सड़क पार कर रहे पुनीत कुमार को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में मुलाना अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने सड़क पार कर रहे पुनीत कुमार को मारी टक्कर
➤ गंभीर हालत में कई अस्पतालों में कराया गया भर्ती, मुलाना में इलाज के दौरान मौत
➤ पत्नी की आंखों के सामने हुआ हादसा, आरोपी चालक पिकअप समेत मौके से फरार
यमुनानगर शहर की विष्णुनगर जगाधरी वर्कशॉप मार्केट में सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मुलाना स्थित एमएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पुनीत कुमार (36), पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी बैंक कॉलोनी के रूप में हुई है। पुनीत एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक कुछ देर वाहन रोकने के बाद भीड़ देखकर मौके से फरार हो गया।
अंडे लेने के लिए सड़क पार कर रहा था पुनीत, तभी हुआ हादसा
फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बैंक कॉलोनी निवासी पूनम ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2011 में पुनीत कुमार के साथ हुई थी। 13 सितंबर की शाम करीब चार बजे वह अपने पति के साथ घरेलू सामान खरीदने के लिए थ्री-व्हीलर से विष्णुनगर जगाधरी वर्कशॉप मार्केट गई थी।
सामान खरीदने के बाद दोनों वापस घर जाने के लिए विष्णुनगर की मुख्य सड़क पर शराब ठेके के पास थ्री-व्हीलर का इंतजार कर रहे थे। सड़क के दूसरी तरफ अंडे की दुकानें थीं। पूनम के अनुसार, उसका पति अंडे लेने के लिए सड़क पार करने लगा।
पुनीत ट्रैफिक देखते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर तक पहुंच गया। जैसे ही वह डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जाने लगा, उसी दौरान आईटीआई यमुनानगर की तरफ से तेज रफ्तार में आई बोलेरो पिकअप ने उसे सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुनीत सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद आरोपी चालक ने कुछ देर के लिए वाहन रोका, लेकिन मौके पर भीड़ जमा होती देख वह पिकअप समेत फरार हो गया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद पूनम ने एक राहगीर की मदद से अपने पति को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां पुनीत की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मुलाना स्थित एमएम अस्पताल लेकर पहुंचे।
मुलाना के एमएम अस्पताल में पुनीत का इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण उसकी हालत पहले से ही नाजुक बनी हुई थी।
बयान दर्ज नहीं कर सकी पुलिस, पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
थाना प्रभारी नसीब ने बताया कि अस्पताल से हादसे की सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे। पुनीत की हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हो सका।
बाद में मुलाना अस्पताल से पुनीत की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुनीत की मौत के बाद उसके परिवार में मातम का माहौल है। पत्नी ने अपनी आंखों के सामने हुए हादसे में पति को खो दिया, जबकि पुनीत अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।
Akhil Mahajan