लेडी बाइकर को टक्कर मारने वाला गिरफ्तार, राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया; हत्या के प्रयास की धारा भी जुड़ी
गुरुग्राम में लेडी बाइकर सिया को टक्कर मारने वाला कल्याण बैसला राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने हत्या के प्रयास की BNS 109 धारा जोड़ी।
➤ गुरुग्राम में लेडी बाइकर को टक्कर मारने वाला कल्याण बैसला गिरफ्तार
➤ राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया आरोपी, पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 जोड़ी
➤ 13 सितंबर के हादसे के बाद से फरार था कल्याण, दो दोस्त निंदर और प्रमोद हिरासत में
गुरुग्राम में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया की बाइक को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए अब हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 भी जोड़ दी है। इससे पहले सेक्टर-56 थाने में लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में BNS 281 और चोट पहुंचाने के आरोप में BNS 125 के तहत केस दर्ज किया गया था। हादसे के बाद से आरोपी की तलाश चल रही थी।
इस मामले में पुलिस ने कल्याण बैसला के दो दोस्तों निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लिया है। निंदर हादसे वाले दिन 13 सितंबर को कल्याण को पलवल से लेकर आया था, जबकि प्रमोद पर उसे गांव से भगाने का आरोप है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ उसके दोस्तों की भूमिका और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
राजस्थान के दौसा से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
गुरुग्राम में लेडी बाइकर की बाइक को टक्कर मारने के बाद आरोपी कल्याण बैसला फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अब गुरुग्राम पुलिस ने उसे राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस ने BNS 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है। इससे पहले मामला लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत दर्ज था।
हादसे के बाद दो दोस्तों को भी हिरासत में लिया
पुलिस ने कल्याण बैसला के दो दोस्तों निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लिया है। जांच के मुताबिक, निंदर 13 सितंबर को हादसे वाले दिन कल्याण को पलवल से लेकर आया था।
वहीं प्रमोद पर कल्याण को गांव से भगाने का आरोप है। पुलिस अब दोनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के बाद आरोपी कहां गया और फरार होने में उसकी किस तरह मदद की गई।
सिया ने वीडियो जारी कर उठाए थे गंभीर सवाल
कार की टक्कर से सड़क पर गिरी शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं। सिया ने हादसे के बाद इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि उनका रोड एक्सीडेंट वाला वीडियो हर जगह चल रहा है और टक्कर मारने वाला व्यक्ति इंटरव्यू देकर कह रहा है कि बाइक सवार बार-बार बाइक तेज और स्लो कर रहे थे और उसे पिंच कर रहे थे।
सिया ने कहा था कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि कौन किसे पिंच कर रहा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि अगर बाइक सवार ऐसा कर भी रहे थे तो कार सवार उनका पीछा क्यों कर रहा था।
सिया ने उस दावे पर भी सवाल उठाया था कि कार चालक को पता नहीं था कि बाइक लड़की चला रही है। उन्होंने कहा था कि उनके बहुत लंबे बाल हैं और चोटी बनी हुई थी। उनके मुताबिक, कार सवार ने यह देखा था और बाइक रोकने के लिए कहा था।
‘हिट एंड रन केस में दो वीडियो काफी नहीं?’
सिया ने अपने वीडियो में कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि हिट एंड रन के इस केस में दो वीडियो काफी नहीं हैं। उनके मुताबिक, एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार पहली लेन से सीधे तीसरी लेन में आती है और उन्हें टक्कर मारकर भाग जाती है।
उन्होंने बताया था कि टक्कर के बाद वह सड़क पर घिसटती हुई गईं। सिया ने सवाल किया था कि अगर कार सवार को उनके लिए इतनी ही चिंता थी तो वह टक्कर के बाद रुका क्यों नहीं।
उनका कहना था कि टक्कर मारने के बाद रुककर यह देखना कार सवार की जिम्मेदारी थी कि जिस व्यक्ति को टक्कर लगी है, वह जिंदा है या नहीं।
‘मेरी हड्डियां टूट सकती थीं, जान भी जा सकती थी’
सिया ने कहा था कि हादसे में उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और मौके पर उनकी जान भी जा सकती थी। उनका कहना था कि टक्कर मारने के बाद अब सहानुभूति दिखाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह उस पर बिल्कुल सूट नहीं करता।
सिया के मुताबिक, कार सवार एक सेकेंड के लिए भी यह जानने के लिए नहीं रुका कि जिसे उसने टक्कर मारी है, वह जिंदा है या नहीं।
उन्होंने यह भी कहा था कि ऐसी घटनाओं की वजह से महिलाओं को गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है।
सिया 2022 में AAP के टिकट पर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं
शिवानी चौहान उर्फ सिया ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। वह साल 2022 में AAP के टिकट पर दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
सिया के पिता रोशन चौहान ने मीडिया को यह जानकारी दी थी। रोशन चौहान भी आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।
13 सितंबर को गोल्फ कोर्स रोड पर हुआ था हादसा
सिया ने बताया था कि वह 13 सितंबर को बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर Aprilia RS 457 से राइड कर रही थीं। उनके आरोप के मुताबिक, कार सवार युवक बार-बार बाइक के पास आ रहे थे और गलत इशारे करते हुए बाइक रोकने के लिए कह रहे थे।
सिया ने कहा था कि युवक उन्हें नशे में लग रहे थे, इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी। उनके मुताबिक, कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद कार सवारों ने ओवरटेक किया और बाइक में साइड से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार सवार रास्ता बदलकर फरार हो गए। घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी।
कल्याण ने कहा था- जानबूझकर टक्कर नहीं मारी
कल्याण बैसला ने मीडिया से बातचीत में हादसे को लेकर अपना अलग पक्ष रखा था। उसने कहा था कि कार में उसके अलावा उसकी दीदी, बुआ का बेटा और मौसी का बेटा था। उसके मुताबिक, करीब 20-22 बाइक सवार तेज रफ्तार में निकले थे।
कल्याण ने कहा था कि उन्हें पता नहीं था कि बाइक युवती चला रही है। उसने सिर्फ बाइक स्लो चलाने को कहा था।
उसके मुताबिक, यू-टर्न के पास युवती बिना शीशे में देखे मुड़ी, जिससे कार कंट्रोल नहीं हुई और टक्कर हो गई। कल्याण ने गलती मानते हुए कहा था कि बाइक सवारों के गाली देने के डर से वह रुका नहीं। उसके मुताबिक, रेड लाइट पर उसने उनसे बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके भाई ने वहां रुकने से मना किया था।
परिवार ने लगाया था फॉलोअर्स के लिए मामला उछालने का आरोप
कल्याण के परिवार के सदस्य नवीन बैसला ने कहा था कि कल्याण अपने भाई-बहनों के साथ दिल्ली रिश्तेदारों के पास गया था। रविवार सुबह वह गुरुग्राम होते हुए पलवल आ रहा था।
परिवार के मुताबिक, कल्याण ने युवती को कोई अश्लील इशारे नहीं किए थे। उसने युवती को धीरे चलने की बात कही थी। परिवार का दावा था कि यू-टर्न पर कल्याण ने लेफ्ट लिया और युवती ने राइट ले लिया, जिस वजह से हादसा हुआ।
नवीन बैसला ने आरोप लगाया था कि युवती राइडर है और उसे फॉलोअर्स चाहिए, इसलिए मामले को इतना उछाला जा रहा है। परिवार के मुताबिक, कल्याण सिर्फ सेल्फ डिफेंस में भागा था।
कल्याण किसान परिवार से ताल्लुक रखता है
पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला 32 वर्षीय कल्याण बैसला किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता धीरज बैसला किसान हैं और पहले नंबरदार भी रह चुके हैं। कल्याण शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
उसका बड़ा भाई मंजीत पलवल में सप्लीमेंट की दुकान चलाता है। परिवार के मुताबिक, कल्याण को बचपन से कबड्डी खेलने का शौक था। वह 12वीं कक्षा से कबड्डी खेल रहा है और स्टेट व नेशनल लेवल पर भी खेल चुका है।
उसने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है। वह इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर होने का भी दावा करता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
2020 में शुरू की थी KBT जिम
कल्याण ने साल 2020 में पलवल शहर में KBT जिम शुरू की थी। उसने 65 हजार रुपए महीने के किराए पर फ्लोर लिया था। हालांकि, पिछले करीब दो महीने से जिम बंद है।
किराया बकाया होने पर बिल्डिंग मालिक ने जिम पर ताला लगा दिया था। बिल्डिंग मालिक सुनील डागर के मुताबिक, कल्याण के भाई मंजीत ने किराए की कुछ रकम चुका दी है। फिलहाल 2 लाख रुपए बकाया हैं।
जिम को 17 सितंबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी थी और इसके लिए अंदर रेनोवेशन का काम भी चल रहा था।
जिस कार से हादसा हुआ, वह दोस्त की है
जिस कार से सिया की बाइक को टक्कर लगी थी, वह असावटा गांव निवासी मनीष की है। मनीष सेना में है और कल्याण का दोस्त है।
मनीष के चाचा करतार ने बताया था कि कल्याण दो दिन पहले कार मांगकर ले गया था। घटना के बाद पुलिस उनके पास पहुंची और कार के बारे में जानकारी लेकर गई थी।
अब तक कार वापस नहीं मिली है। पुलिस कल्याण की गिरफ्तारी के साथ-साथ कार से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है।
सिया के पिता बोले- पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट
सिया के पिता रोशन चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वे इस बात से संतुष्ट हैं कि पुलिस ने मामले का बहुत तेजी से संज्ञान लिया और उस व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की।
उन्होंने कहा था कि पुलिस ने शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया और बहुत अच्छा काम किया।
अब आरोपी कल्याण बैसला की गिरफ्तारी और BNS 109 की धारा जुड़ने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ गई है। पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम, आरोपी के फरार होने और उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Akhil Mahajan