31 अक्टूबर तक मौसम में उथल-पुथल, हरियाणा के इन इलाकों में बरसेंगे बादल
हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, 9 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका, तेज हवाओं के बीच अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज।
➤ हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में ऑरेंज और 9 में येलो अलर्ट जारी
➤ ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, ओले गिरने की भी आशंका
➤ प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, सामान्य से 5.8 डिग्री कम दर्ज हुआ तापमान
हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। चक्रवात 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 18 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में ऑरेंज और 9 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। शुक्रवार सुबह फरीदाबाद, नारनौल और पानीपत में बूंदाबांदी हुई, जबकि सोनीपत और हिसार में आसमान पर घने बादल छाए रहे। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, झज्जर, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
वहीं, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रोहतक, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
एक दिन पहले भी कई जिलों में हुई बारिश
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिला। पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, नारनौल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। रेवाड़ी में झमाझम बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया। सोनीपत में भी बारिश हुई, जबकि यमुनानगर में घने बादल छाए रहे और हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में हल्की बरसात दर्ज की गई।
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं, येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से पहुंच रही नमी वाली हवाएं
HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 28 अक्टूबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना थी। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 29 अक्टूबर से हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी से बदलकर उत्तर-पूर्वी होने की संभावना जताई गई थी। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंचेंगी।
31 अक्टूबर तक बना रहेगा मौसम में बदलाव
डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, नमी वाली हवाओं के प्रभाव से 29 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम में बदलाव के चलते सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी। वहीं, रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
Akhil Mahajan