नेवी अफसर पर रेप की FIR, पानीपत की डांस टीचर का आरोप, शादी का झांसा देकर संबंध और बाद में धमकी
पानीपत की डांस टीचर ने नेवी अफसर पर शादी का झांसा देकर रेप, गर्भपात का दबाव और परिवार को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
टिकटॉक पर हुई मुलाकात, शादी का झांसा देकर रेप का आरोप
➤ दिल्ली और गोवा के होटल में संबंध बनाने का युवती का दावा
➤ गर्भवती होने पर शादी से इनकार, परिवार को गोली मारने की धमकी का आरोप
हरियाणा के पानीपत में एक डांस टीचर ने नेवी में तैनात युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक दोनों की मुलाकात वर्ष 2019 में टिकटॉक के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। जून 2023 में आरोपी उसके पानीपत स्थित घर पहुंचा और परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ संबंध बनाए।
शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में गोवा और मई 2026 में दिल्ली के होटल में भी शादी का झांसा देकर संबंध बनाए गए। युवती ने बताया कि जब उसने आरोपी को खुद के तीन महीने की गर्भवती होने की जानकारी दी तो उसने शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर युवती और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप है। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टिकटॉक पर हुई मुलाकात, इसके बाद लगातार संपर्क में रहे दोनों
पीड़िता मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है और फिलहाल पानीपत के एक निजी स्कूल में डांस टीचर है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी बिजेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के गांव समिति का रहने वाला है। फिलहाल उसकी तैनाती INS विक्रमादित्य, नेवी ऑफिस कर्नाटक में है।
युवती के अनुसार, दोनों की मुलाकात 2019 में टिकटॉक के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने उसका फोन नंबर लिया और लगातार उसके संपर्क में रहा।
जून 2023 में जन्मदिन पर घर पहुंचकर शादी का प्रस्ताव रखा
पीड़िता के मुताबिक, जून 2023 में उसके जन्मदिन पर आरोपी उसके पानीपत स्थित घर आया था। उसने परिवार के सामने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा। आरोपी की इस बात पर युवती के माता-पिता और अन्य परिजनों को भी भरोसा हो गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी दो-तीन दिन तक उसके घर पर रुका। इस दौरान उसने शादी का पक्का विश्वास दिलाया और पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद जब भी आरोपी नेवी से छुट्टी लेकर पानीपत आता, वह उसके घर पर ठहरता और शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
चोट लगने का बहाना बनाकर गोवा बुलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में बिजेंद्र की तैनाती गोवा में थी। उसने फोन करके पीड़िता से कहा कि उसे चोट लग गई है और उसे उसकी देखभाल की जरूरत है।
युवती का कहना है कि उसने आरोपी की बात पर विश्वास किया और गोवा पहुंच गई। आरोप है कि वहां बिजेंद्र ने उसे एक होटल में कई दिनों तक रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती आरोपी से शादी की तारीख तय करने के लिए कहती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था।
दिल्ली के होटल में 28 से 30 मई तक रखने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 28 मई 2026 को आरोपी ने दोबारा उससे संपर्क किया। उसने बताया कि वह नेवी से छुट्टी लेकर आया है और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। आरोपी ने शादी के सिलसिले में जरूरी बात करने के लिए उसे दिल्ली बुलाया।
युवती पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से आरोपी उसे दरियागंज स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि वहां उसने 28, 29 और 30 मई तक तीन दिनों तक पीड़िता को रोके रखा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
तीन महीने की गर्भवती होने की बात बताई तो शादी से इनकार का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि एक महीने बाद उसने आरोपी को फोन करके बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है और उसके बच्चे की मां बनने वाली है। युवती के मुताबिक, इसके बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आ गया।
आरोप है कि बिजेंद्र ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और तुरंत गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उसने दोबारा उसे या उसके परिवार को फोन किया तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा।
इसके बाद आरोपी ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। युवती का आरोप है कि शादी का दबाव बनाने के बाद आरोपी ने उससे संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।
चचेरी बहनों से संपर्क करने पर दूसरी शादी की जानकारी मिलने का दावा
पीड़िता के मुताबिक, मामले की सच्चाई जानने के लिए उसने आरोपी की चचेरी बहनों से संपर्क किया। युवती का कहना है कि चचेरी बहनों ने उसे बताया कि आरोपी के परिवार ने उसकी शादी हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक अन्य लड़की से तय कर दी है।
युवती का आरोप है कि बिजेंद्र ने लंबे समय तक उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अब जब वह गर्भवती है तो आरोपी शादी की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर रहा है और उसे तथा उसके परिवार को धमकी दी जा रही है।
समालखा थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
युवती की शिकायत के आधार पर समालखा थाना पुलिस ने बिजेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने, गर्भपात के लिए दबाव बनाने और उसे तथा उसके परिवार को गोली मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
मामले में पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच कर रही है।
Akhil Mahajan