बिग बॉस 20 में कनिका मान की धमाकेदार एंट्री, सलमान खान ने कहा- अब दिखेगा असली ‘ड्रैगन मोड’
हरियाणा की कनिका मान ने बिग बॉस 20 में धमाकेदार एंट्री ली। सलमान खान ने उन्हें देशी छोरी कहा और उनके ड्रैगन किरदार पर मजेदार बातचीत की।
सलमान खान ने कनिका मान को हरियाणा की देशी छोरी कहकर कराया इंट्रोड्यूस
➤ ‘ड्रैगन मोड’ पर सलमान-कनिका के बीच हुआ मजेदार सेगमेंट
➤ पानीपत से निकलीं कनिका, टीवी-ओटीटी के बाद बिग बॉस में नई परीक्षा
हरियाणा के पानीपत से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस कनिका मान अब रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में पहुंच गई हैं। 6 सितंबर 2026 को हुए शो के ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान ने कनिका का स्वागत किया। कनिका ने ‘शरारत’ गाने पर धमाकेदार परफॉर्मेंस दी और इसके साथ ही शो की पहली कंटेस्टेंट के तौर पर बिग बॉस के घर में एंट्री ली।
कनिका की परफॉर्मेंस के बाद सलमान खान ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कनिका को हरियाणा की छोरी के तौर पर दर्शकों से मिलवाया और मजाकिया अंदाज में कहा कि कनिका अब ‘बिग बॉस की मेहमान’ बन गई हैं। सलमान ने इसके साथ ही कहा कि अब असली ‘ड्रैगन मोड’ देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां कनिका की बहुत बड़ी फैन हैं। बातचीत के दौरान कनिका के पुराने किरदार से जुड़ी एक टिप्पणी का भी जिक्र हुआ, जिसके बाद दोनों के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिली।
‘ड्रैगन फ्लाई’ या ड्रैगन? सलमान के सवाल पर कनिका ने दिया जवाब
बिग बॉस के ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान और कनिका मान के बीच बातचीत के दौरान उनके ‘नागिन’ से जुड़े किरदार का भी जिक्र हुआ। सलमान ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि उनकी मां ने कनिका को ‘ड्रैगन फ्लाई’ के तौर पर याद किया है। इस पर कनिका हंसते हुए सफाई देती हैं कि वह ‘ड्रैगन फ्लाई’ नहीं, बल्कि ड्रैगन थीं।
सलमान ने भी मजाक को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उनकी मां को शायद दोनों किरदारों में कन्फ्यूजन हो गया है। कनिका ने हंसते हुए कहा कि उन्हें देखकर शायद ऐसा नहीं लगता होगा कि वह ड्रैगन हैं। बता दें कि कनिका मान ने हाल ही में ‘नागिन 7’ में राधिका का किरदार निभाया था। शो में उनके किरदार को इच्छाधारी ड्रैगन के रूप में दिखाया गया था।
सलमान बोले- अब देखना, ड्रैगन मोड कब ऑन होगा
इसके बाद सलमान खान ने कनिका के ‘ड्रैगन’ वाले किरदार को बिग बॉस के घर से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सीरियल में तो राइटर तय करता था कि ड्रैगन कब बाहर आएगा, लेकिन बिग बॉस के घर में कोई राइटर नहीं है। ऐसे में अब देखना होगा कि कनिका का ‘ड्रैगन मोड’ कब ऑन होता है।
सलमान की बात पर कनिका ने भी अपने पुराने किरदार के अंदाज में ड्रैगन की एक्टिंग करके दिखाई। सलमान ने मजाकिया अंदाज में उनके लिए प्रॉप भी मंगवाया और दोनों के बीच यह पूरा सेगमेंट हंसी-मजाक से भर गया। इस दौरान कनिका ने भी सलमान की चुनौती को पूरे आत्मविश्वास के साथ लिया।
‘खून खोलने’ वाली सिचुएशन में दिखेगा असली ड्रैगन
सलमान खान ने कनिका को बिग बॉस के घर की असली चुनौती भी समझाई। उन्होंने कहा कि वह कनिका को घर के अंदर ऐसी परिस्थितियां देंगे, जिनमें उनका ‘खून खोल’ सकता है। सलमान ने समझाया कि जब अंदर से कनिका ‘आग बबूला’ होंगी, तभी उनका असली ‘ड्रैगन मोड’ देखने को मिलेगा।
कनिका ने भी सलमान की इस चुनौती को स्वीकार किया और मजाकिया अंदाज में अपना जवाब दिया। अब बिग बॉस के घर में उनका यह अंदाज कितना देखने को मिलता है, यह शो के आगे बढ़ने के साथ साफ होगा।
पानीपत में जन्मीं कनिका ने ऐसे बनाई मनोरंजन जगत में पहचान
कनिका मान का जन्म पानीपत में हुआ है। उन्होंने चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। मनोरंजन की दुनिया में कदम रखना उनके लिए शुरुआत में आसान फैसला नहीं था। परिवार की तरफ से पढ़ाई और करियर को लेकर चिंताएं भी थीं। हालांकि बाद में परिवार ने उनका साथ दिया और कनिका ने मॉडलिंग को अपना करियर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया।
पंजाबी म्यूजिक वीडियो से मिली पहली पहचान
कनिका मान ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी म्यूजिक वीडियो से की। वर्ष 2015 के आसपास उन्होंने म्यूजिक वीडियो में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनका चेहरा पहचाना जाने लगा।
म्यूजिक वीडियो में पहचान बनाने के बाद कनिका ने पंजाबी फिल्मों का रुख किया। उन्होंने ‘रॉकी मेंटल’ में काम किया। इसके बाद वह ‘दाना पानी’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। इस तरह मॉडलिंग और म्यूजिक वीडियो से शुरू हुआ उनका सफर धीरे-धीरे फिल्मों और टेलीविजन तक पहुंचा।
‘बढ़ो बहू’ से टीवी की दुनिया में रखा कदम
पंजाबी इंडस्ट्री में पहचान बनाने के बाद कनिका मान ने हिंदी टेलीविजन का रुख किया। वर्ष 2018 में उन्होंने टीवी शो ‘बढ़ो बहू’ से छोटे पर्दे पर शुरुआत की। इस शो में उन्होंने टिटली का किरदार निभाया था।
हालांकि कनिका को असली पहचान इसके बाद मिले उस किरदार से मिली, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी।
‘गुड्डन’ बनीं तो घर-घर में मिली पहचान
कनिका मान के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ रहा। जी टीवी के इस शो में उन्होंने गुड्डन का मुख्य किरदार निभाया। शो की लोकप्रियता के साथ कनिका भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गईं।
उनकी एक्टिंग और किरदार को दर्शकों ने पसंद किया। यही वह दौर था, जब मॉडलिंग और पंजाबी म्यूजिक वीडियो की दुनिया से निकली कनिका हिंदी टीवी की जानी-पहचानी अभिनेत्री बन गईं।
टीवी के बाद ओटीटी और रियलिटी शो में भी आजमाया हाथ
‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ के बाद कनिका ने खुद को सिर्फ टेलीविजन तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने ओटीटी पर ‘रूहानियत’ में काम किया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्हें रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ में भी देखा गया।
कनिका इस शो में फाइनलिस्ट तक पहुंचीं। यानी उनके करियर में म्यूजिक वीडियो, फिल्म, टीवी, ओटीटी और स्टंट रियलिटी शो जैसे अलग-अलग प्लेटफॉर्म शामिल रहे हैं। अब बिग बॉस उनके करियर का एक और बड़ा पड़ाव बन गया है।
सोशल मीडिया पर भी मजबूत पकड़
कनिका मान की सोशल मीडिया पर भी मजबूत पकड़ है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 73 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर उन्हें 25 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। टीवी और फिल्मों में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ कनिका सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय रहती हैं और अपनी तस्वीरें, वीडियो और प्रोफेशनल अपडेट्स फैंस के साथ साझा करती हैं।
अब बिग बॉस के घर में कनिका की नई परीक्षा
कनिका मान के करियर का नया पड़ाव अब ‘बिग बॉस 20’ है। 6 सितंबर 2026 को शो के ग्रैंड प्रीमियर में उन्होंने सलमान खान के सामने परफॉर्म किया और इसके बाद बिग बॉस के घर में एंट्री की।
बिग बॉस में एंट्री के साथ ही कनिका को घर में एक खास भूमिका भी मिली और उन्हें ‘पपेट मास्टर’ के तौर पर पेश किया गया। अब उनके सामने चुनौती सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करने की नहीं, बल्कि घर के रिश्तों, विवादों और रणनीति के बीच खुद को मजबूत बनाए रखने की भी है।
बिग बॉस में हरियाणवी यूट्यूबर एल्विश यादव भी रच चुके हैं इतिहास
करीब तीन साल पहले हरियाणवी यूट्यूबर एल्विश यादव ने बिग बॉस OTT सीजन-2 का खिताब जीता था। उन्होंने अभिषेक मल्हान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। लगभग 40 दिन घर में बिताने के बाद एल्विश यादव शो के विनर बने थे। उन्हें बिग बॉस की तरफ से 25 लाख रुपए कैश और एक चमचमाती ट्रॉफी मिली थी।
एल्विश यादव बिग बॉस के इतिहास के पहले कंटेस्टेंट रहे, जिन्होंने वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर शो जीता। एल्विश यादव का जन्म 14 सितंबर 1997 को हरियाणा के गुरुग्राम में हुआ था। वह गुरुग्राम के वजीराबाद गांव के रहने वाले हैं। वजीराबाद गांव में ही उनका परिवार रहता है। उनके पिता टीचर हैं।
Akhil Mahajan