कोर्ट में गंडासे और लाठी-डंडों से हमला, गवाह को पीट-पीटकर अधमरा किया; 5 गाड़ियों में तोड़फोड़,देखें वीडियो
पानीपत कोर्ट परिसर में गवाह पर गंडासे और लाठी-डंडों से हमला हुआ। युवक को अधमरा कर पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और ₹2.50 लाख कैश वाला बैग गायब मिला।
पानीपत कोर्ट परिसर में गवाह पर गंडासे और लाठी-डंडों से हमला
➤ 5-6 युवकों ने युवक को पीट-पीटकर अधमरा किया, पांच गाड़ियों में तोड़फोड़
➤ गाड़ी से ₹2.50 लाख कैश और रजिस्ट्री के दस्तावेजों वाला बैग गायब, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत कोर्ट परिसर में वकीलों के चैंबरों वाली बिल्डिंग के पीछे बनी पार्किंग में गवाही देने आए युवक पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। गंडासियों, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किए गए ताबड़तोड़ हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने युवक के सिर और पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। इसके बाद मौके पर खड़ी पांच गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी दल-बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पार्किंग में युवक पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए बदमाश दिखाई दे रहे हैं।
कोर्ट की पार्किंग में अचानक शुरू हुआ हमला, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना से जुड़े सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि 4-5 बदमाश हाथों में डंडे और गंडासे लेकर कोर्ट परिसर में आते हैं। इसके बाद वे तारीख भुगतने आए लोगों को निशाना बनाने के लिए भागते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक युवक नीचे गिर जाता है, जिसके बाद उस पर कई लोगों ने लाठी-डंडों से लगातार वार किए।
वीडियो में युवक के सिर और पैरों पर भी हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। हमले के बाद युवक जमीन पर पड़ा रहा और बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।
हमले की तस्वीरों में युवक के शरीर और सिर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। परिजन उसे उपचार के लिए पास के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
केस की तारीख पर गवाही देने आया था युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद कोर्ट में केस चल रहा है। इसी मामले में रूटीन की तारीख पर दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे थे। वकीलों की बिल्डिंग के पीछे बनी पार्किंग में शिकायतकर्ता पक्ष मौजूद था।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के 5-6 युवकों ने अचानक शिकायतकर्ता पक्ष और गवाह पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों, गंडासियों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में एक युवक बुरी तरह घायल हो गया।
इसके बाद हमलावरों ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया और पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
रजिस्ट्री के काम से वकील से मिलने आया था अजय
गोपाल कॉलोनी निवासी अजय ने बताया कि वह रजिस्ट्री के सिलसिले में वकील से मिलने अर्टिगा गाड़ी से कोर्ट पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी की और अंदर वकील के पास चला गया।
कुछ देर बाद उसे कोर्ट परिसर में झगड़ा होने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर जब वह बाहर आया तो उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई थी। अजय के मुताबिक, गाड़ी में रखा सामान भी चेक किया तो एक बैग गायब मिला।
बैग में रखे थे ₹2.50 लाख और रजिस्ट्री के दस्तावेज
अजय ने बताया कि उसकी गाड़ी में एक बैग रखा हुआ था। इसमें रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज और ₹2.50 लाख कैश रखा था। गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद बैग भी वहां नहीं मिला।
अब पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ और बैग गायब होने की घटना को लेकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले और तोड़फोड़ की पूरी घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
एक सप्ताह में कोर्ट परिसर में दूसरी वारदात
बार एसोसिएशन प्रधान वीरेंद्र मलिक ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कोर्ट परिसर में हमले की यह दूसरी घटना है। उनके मुताबिक, करीब 5 से 6 युवकों ने एक युवक पर हमला किया और इसके बाद गाड़ियों में तोड़फोड़ कर पैसे भी उठा लिए।
वीरेंद्र मलिक ने इस घटना के लिए पुलिस और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि कोर्ट परिसर में लगातार इस तरह की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
बेल पर छूटे आरोपी को लेकर भी उठाए सवाल
बार एसोसिएशन प्रधान वीरेंद्र मलिक ने एक सप्ताह पहले एडवोकेट पर हुए हमले का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि उस मामले में आरोपी को पुलिस ने बेल पर छोड़ दिया था।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी वकील के घर के बाहर आकर गाड़ियों के हॉर्न बजाता रहा और उसे दोबारा उकसाया। वीरेंद्र मलिक ने कहा कि प्रशासन की ढिलाई के कारण कोर्ट परिसर में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमले, गाड़ियों में तोड़फोड़ और गाड़ी से बैग गायब होने की घटना को लेकर जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan 