गुरुग्राम स्कूल में युवक की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

गुरुग्राम के एक सरकारी स्कूल में युवक रवि की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। सुबह स्टाफ को खून से सनी लाश मिली। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

गुरुग्राम स्कूल में युवक की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

गुरुग्राम के सरकारी स्कूल में युवक की हत्या, सिर पर किए कई वार
फर्श पर फैला खून देखकर दहशत में आए टीचर्स और स्टाफ
रात से लापता था युवक रवि, CCTV खंगाल रही पुलिस


हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल परिसर में युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। जब स्कूल के टीचर्स और स्टाफ सुबह पहुंचे तो उन्हें एक युवक की खून से लथपथ लाश फर्श पर पड़ी मिली। आसपास काफी खून फैला हुआ था, जिसे देखकर शिक्षक घबरा गए और पूरे स्कूल में अफरातफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल को सील कर दिया।हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर पहुंच गए।

मृतक की पहचान रवि (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक रवि रात से ही लापता था। सुबह उसकी लाश स्कूल के अंदर मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते नजर आए।यह वारदात राजकीय माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी में सामने आई है। सुबह जब स्कूल खुला तो स्टाफ ने सबसे पहले शव देखा और तुरंत शिक्षा विभाग व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। युवक जींस और टी-शर्ट पहने हुए था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्कूल तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कौन था और हत्या कब हुई।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने रात के समय युवक को स्कूल में बुलाया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।मृतक रवि के परिवार वाले भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।