भूपेंद्र सिंह हुड्डा AIIMS से डिस्चार्ज, PA बोले- अब तबीयत ठीक

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को रूटीन चेकअप के बाद दिल्ली AIIMS से छुट्टी मिली। PA ने बताया कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा AIIMS से डिस्चार्ज, PA बोले- अब तबीयत ठीक

AIIMS से डिस्चार्ज हुए पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दिल्ली आवास पहुंचे

➤ रूटीन चेकअप के लिए मंगलवार को अस्पताल में हुए थे भर्ती, रातभर रखे गए डॉक्टरों की निगरानी में

➤ PA चांदवीर हुड्डा ने बताया- फिलहाल उनकी तबीयत ठीक, कई नेताओं ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बुधवार सुबह दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने दिल्ली आवास के लिए रवाना हो गए। उनके निजी सचिव (PA) चांदवीर हुड्डा ने बताया कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार दोपहर को रूटीन चेकअप के लिए AIIMS पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उन्हें रातभर अस्पताल में भर्ती रहकर निगरानी में रहने की सलाह दी। इस दौरान उनके कुछ टेस्ट किए गए। बुधवार सुबह डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस दौरान उनकी पत्नी आशा हुड्डा और सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी उनके साथ मौजूद रहे।

पहले भी बिगड़ चुकी है भूपेंद्र हुड्डा की तबीयत

भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तबीयत पहले भी अलग-अलग मौकों पर बिगड़ चुकी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्हें वर्ष 2012 में ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इसके अलावा कोरोना संक्रमण और चक्कर आने के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

  • 16 मई 2012: ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव के बाद चंडीगढ़ PGI में भर्ती हुए। 17 मई की सुबह उन्हें छुट्टी मिल गई थी।

  • 18 अप्रैल 2021: कोरोना संक्रमित होने के बाद गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती हुए। 13 दिन बाद, 1 मई को उन्हें छुट्टी मिली।

  • 14 फरवरी 2023: चंडीगढ़ में चक्कर आने और सांस लेने में परेशानी के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए। 15 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के दौरान भी चर्चा में आए थे हुड्डा

करीब दो महीने पहले चंडीगढ़ में कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक के मुद्दे पर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया था। उस दौरान विधानसभा गेट पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सिर पर एक पुलिसकर्मी द्वारा हाथ मारे जाने की घटना भी चर्चा में रही थी।

1 अक्टूबर को हुआ था हुड्डा की मौसी शांति देवी का निधन

भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौसी शांति देवी का 1 अक्टूबर की सुबह निधन हो गया था। वह 104 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनका अंतिम संस्कार हिसार के खरड़ अलीपुर गांव में किया गया था।

अंतिम संस्कार में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, कांग्रेस के सांसद-विधायक और कई अन्य नेता शामिल हुए थे। मौसी के निधन की सूचना मिलने के बाद हुड्डा ने दिल्ली में अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे और हिसार पहुंचे थे। इससे पहले वह उनका हालचाल जानने के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल भी गए थे।

भाजपा और इनेलो नेताओं ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भाजपा नेता सतीश नांदल ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा उनके लिए बड़े भाई की तरह हैं। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राजनीति अलग विषय है, लेकिन भाईचारा सबसे पहले आता है।

भाजपा के रोहतक जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका ने भी हुड्डा के जल्द ठीक होकर घर लौटने की कामना की।

वहीं, इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता कृष्णा कौशिक ने रोहतक बार काउंसिल में हुड्डा के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे।

कांग्रेस के पूर्व सांसद अवतार भड़ाना ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर हुड्डा के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने का समाचार मिला है। उन्होंने ईश्वर से उनके शीघ्र एवं पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना की।