हिसार में दोस्त के पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली,12 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौ*त
हिसार के आदमपुर में दोस्त के घर लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलने पर 12 वर्षीय दैविक गोयल की मौत हो गई। पुलिस ने जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
हिसार के आदमपुर में दोस्त के घर गोली लगने से 12 वर्षीय दैविक गोयल की मौत
➤ शिमला टूर की तैयारी के दौरान दोस्त के पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली
➤ आदमपुर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया शुरू की
हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 वर्षीय दैविक गोयल की गोली लगने से मौत हो गई। दैविक अपने दोस्त अजय सुथार के घर शिमला टूर पर जाने से पहले सामान पैक करने के लिए गया था। इसी दौरान दोस्त के पिता गौतम सुथार की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई, जो दैविक के माथे को चीरते हुए सिर के पीछे से निकल गई। गोली लगते ही वह फर्श पर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में मौजूद दोस्त और उसकी मां घबरा गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दैविक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिमला टूर पर जाने से पहले दोस्त के घर गया था दैविक
जानकारी के अनुसार, आदमपुर निवासी रवि गोयल हिसार में मेडिकल एजेंसी का संचालन करते हैं। उनका 12 वर्षीय बेटा दैविक गोयल सातवीं कक्षा में पढ़ता था। मंगलवार शाम वह आदमपुर की शिव कॉलोनी स्थित अपने दोस्त अजय सुथार के घर गया हुआ था।
दैविक और अजय शिमला टूर पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में दोनों सामान पैक कर रहे थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में एक ऐसी घटना हो जाएगी, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी।
अलमारी में रखी थी पिता की लाइसेंसी पिस्तौल
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, अजय अपनी घड़ी लेने के लिए अलमारी खोलने गया था। इसी अलमारी में उसके पिता गौतम सुथार की लाइसेंसी पिस्तौल रखी हुई थी।
बताया जा रहा है कि दैविक ने अजय से पिस्तौल के असली होने के बारे में पूछा था। इसी दौरान अजय घड़ी लेकर कमरे से बाहर चला गया। उसकी मां घर के बाहर गली में अन्य महिलाओं के साथ खड़ी थी।
तभी अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और महिलाएं मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कमरे में गोली लगने से दैविक गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली चलने की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की सहायता से दैविक को आदमपुर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पड़ोसी उसे हिसार के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हंसते-खेलते परिवार में मातम छा गया और दैविक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद आदमपुर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पिस्तौल से गोली किन परिस्थितियों में चली। अचानक हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोग भी स्तब्ध हैं।
Akhil Mahajan