हरियाणा की भोंडसी जेल पहुंचे CM भगवंत मान, मंत्री संजीव अरोड़ा से करेंगे मुलाकात
पंजाब CM भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल गुरुग्राम की भोंडसी जेल पहुंचे, जहां मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात और कानूनी रणनीति पर चर्चा होगी
भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल भोंडसी जेल पहुंचे
➤ मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर होगी चर्चा
➤ मनी लॉन्ड्रिंग और ₹100 करोड़ के फर्जी GST बिलिंग घोटाले के आरोपों में जेल में हैं अरोड़ा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुग्राम की भोंडसी जिला जेल में बंद पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंचे। मौजूदा राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रमों के बीच मुख्यमंत्री की यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भगवंत मान दिल्ली के कपूरथला हाउस से अपने विशेष काफिले के साथ करीब 2 बजे गुरुग्राम पहुंचे। जेल प्रशासन की अनुमति से वह कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनके साथ अरविंद केजरीवाल भी रहे।
जेल में बंद मंत्री से मुख्यमंत्री की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब संजीव अरोड़ा से जुड़ा मामला कानूनी प्रक्रिया में है और आम आदमी पार्टी लगातार इसे लेकर अपनी राजनीतिक प्रतिक्रिया देती रही है।
मई में भी अचानक भोंडसी जेल पहुंचे थे भगवंत मान और केजरीवाल
बता दें कि तीन महीने पहले 23 मई 2026 को भी मुख्यमंत्री भगवंत मान और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अचानक भोंडसी जेल पहुंचे थे। उस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने जेल के भीतर बंद कमरे में लगभग 20 मिनट तक संजीव अरोड़ा से मुलाकात की थी।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने संजीव अरोड़ा को उनकी कानूनी लड़ाई में पार्टी के उनके साथ डटकर खड़े होने का भरोसा दिया था। अब तीन महीने बाद आज एक बार फिर मुख्यमंत्री भगवंत मान उनसे मुलाकात करने पहुंचे हैं। इस मुलाकात के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
मनी लॉन्ड्रिंग और ₹100 करोड़ के फर्जी GST बिलिंग घोटाले के आरोप
पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस साल 9 मई को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग और ₹100 करोड़ के फर्जी जीएसटी बिलिंग घोटाले से जुड़े आरोप हैं।
ईडी का आरोप है कि अरोड़ा ने अपनी फर्जी शेल कंपनियों के नेटवर्क के जरिए अवैध वित्तीय लेनदेन किए और गुरुग्राम में करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियां खरीदीं। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया था।
हालांकि, संजीव अरोड़ा के विभागों को अन्य मंत्रियों को सौंप दिया गया है, लेकिन वे अभी भी मान कैबिनेट में मंत्री बने हुए हैं।
कानूनी प्रक्रिया और जमानत को लेकर रणनीति पर चर्चा संभव
आज होने वाली इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान संजीव अरोड़ा के केस से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया और आगामी जमानत याचिकाओं को लेकर गहन चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की जेल में मंत्री से मुलाकात को इसी राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम के बीच अहम माना जा रहा है।
आम आदमी पार्टी शुरू से ही ईडी की इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताती रही है। 'आप' का आरोप है कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके पंजाब में विपक्ष और उनके नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है।
गुरुग्राम में पुलिस की नाकाबंदी से गुजरा मुख्यमंत्री का काफिला
भगवंत मान के गुरुग्राम पहुंचने के दौरान उनके विशेष काफिले को गुरुग्राम पुलिस की नाकाबंदी से होकर गुजरते हुए देखा गया। इसके बाद मुख्यमंत्री भोंडसी जेल पहुंचे, जहां वह जेल में बंद पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करेंगे।
Akhil Mahajan