हरियाणा में JJP-इनेलो के बीच पटके पर विवाद, अभय चौटाला बोले- आपका स्वागत है

गुरुग्राम में JJP महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल की INLD जॉइनिंग पर विवाद हुआ। अभय चौटाला ने स्वागत किया, धारीवाल ने कहा- अचानक पटका पहना दिया

हरियाणा में JJP-इनेलो के बीच पटके पर विवाद, अभय चौटाला बोले- आपका स्वागत है

अभय चौटाला ने संतोष धारीवाल समेत कई JJP नेताओं के INLD में शामिल होने का दावा किया

➤ धारीवाल बोलीं- दूसरे काम से गई थी, अचानक INLD का पटका पहना दिया गया

➤ JJP ने कहा- बिना सहमति पटका पहनाकर झूठी अफवाह फैलाई गई, धारीवाल ने पार्टी के साथ रहने की बात कही

गुरुग्राम में जेजेपी की जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल और ब्लॉक अध्यक्ष अपनी सफाई देते हुए। - Dainik Bhaskar

गुरुग्राम में JJP और इनेलो के बीच महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल की कथित जॉइनिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला पूर्व मुख्यमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती से पहले सामने आया, जब इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर गुरुग्राम की JJP महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल समेत कई नेताओं के इनेलो में शामिल होने का दावा किया।

अभय चौटाला की पोस्ट में संतोष धारीवाल के साथ कुछ अन्य JJP नेताओं की तस्वीर भी शेयर की गई। तस्वीर में संतोष धारीवाल के गले में इनेलो का हरा पटका नजर आ रहा था। पोस्ट में अभय चौटाला ने सभी का इनेलो परिवार में स्वागत किया।

इसके बाद JJP की ओर से इसका विरोध किया गया। JJP हरियाणा के सोशल मीडिया पेज से दावा किया गया कि इनेलो के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने संतोष धारीवाल और अन्य महिला नेताओं को उनकी सहमति के बिना बुलाकर पटका पहनाया और इसके बाद उनके पार्टी छोड़ने की झूठी अफवाह फैलाई गई।

मामले के बीच संतोष धारीवाल का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह JJP के साथ थीं और आगे भी रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह किसी दूसरे काम से वहां गई थीं, लेकिन उन्हें पटका पहना दिया गया।

अभय चौटाला ने पोस्ट कर किया जॉइनिंग का दावा

पूरे विवाद की शुरुआत शनिवार को अभय सिंह चौटाला के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की गई एक तस्वीर से हुई। इस तस्वीर में JJP की गुरुग्राम महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल अभय चौटाला और इनेलो के वरिष्ठ नेताओं के साथ खड़ी नजर आ रही थीं।

तस्वीर में संतोष धारीवाल के गले में इनेलो का हरा पटका था। अभय चौटाला की पोस्ट में लिखा गया कि गुरुग्राम निवास पर संतोष धारीवाल (जजपा जिला अध्यक्ष, गुरुग्राम), मंजू शर्मा (जजपा हलका अध्यक्ष, गुरुग्राम), सावित्री (जजपा अध्यक्ष, बादशाहपुर), राजेश (जजपा हलका अध्यक्ष, सोहना-तावड़ो) और मीनाक्षी पटौदी (जजपा हलका अध्यक्ष पटौदी) ने इनेलो परिवार की सदस्यता ग्रहण की।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि पलवल से भी अनेक युवा साथियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अभय चौटाला ने सभी गणमान्य सदस्यों का इनेलो परिवार में स्वागत किया।

हालांकि, इस पोस्ट में संतोष धारीवाल को जजपा जिला अध्यक्ष बताया गया, जबकि वे जजपा महिला विंग की जिलाध्यक्ष हैं।

पोस्ट वायरल होते ही JJP ने दी सफाई

अभय चौटाला की पोस्ट सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद JJP भी सक्रिय हो गई। JJP हरियाणा के सोशल मीडिया पेज से एक पोस्ट जारी की गई, जिसमें कहा गया कि इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेताओं ने बिना उनकी अनुमति के धोखे से बुलाकर INLD का पटका पहनाया।

JJP की ओर से इसे झूठी अफवाह बताया गया और कहा गया कि नेताओं ने पार्टी छोड़कर INLD में शामिल होने का कोई निर्णय नहीं लिया है।

करीब 6 घंटे बाद जारी JJP की पोस्ट में संतोष धारीवाल को दुष्यंत चौटाला के साथ दिखाया गया। पोस्ट में लिखा गया कि जननायक जनता पार्टी के साथ उनकी निष्ठा अटूट है।

JJP की ओर से दावा किया गया कि इंडियन नेशनल लोकदल के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की गुरुग्राम महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल को उनकी सहमति के बिना बुलाया। उनके साथ चारों हल्का अध्यक्ष महिलाओं को भी कथित तौर पर बिना उनकी सहमति के INLD का पटका पहनाया गया।

VIDEO में संतोष धारीवाल ने क्या कहा?

इस पूरे विवाद के बीच JJP हरियाणा के पेज से संतोष धारीवाल का वीडियो भी पोस्ट किया गया। वीडियो में वह सुबह की पोस्ट के लिए माफी मांगती हुई नजर आईं।

उन्होंने कहा कि वह हमेशा JJP के साथ थीं और आगे भी रहेंगी। संतोष धारीवाल ने कहा कि उनसे जो गलती हुई, उसके लिए वह माफी मांगती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी और कारण से वहां गई थीं, लेकिन उन्हें पटका पहना दिया गया। इसके बाद उन्होंने इस मामले के लिए फिर माफी मांगी।

इस बयान के बाद जॉइनिंग को लेकर तस्वीर और साफ होने के बजाय दोनों दलों के अलग-अलग दावों के कारण विवाद और चर्चा में आ गया है।

JJP नेताओं के साथ तस्वीर भी सामने आई

मामले में सामने आई दूसरी तस्वीर में संतोष धारीवाल और ब्लॉक अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला के साथ खड़ी नजर आईं। JJP ने इसी तस्वीर को साझा करते हुए पार्टी के साथ उनकी निष्ठा कायम रहने की बात कही।

दूसरी तरफ, अभय चौटाला की ओर से शेयर की गई तस्वीर में संतोष धारीवाल समेत कई JJP पदाधिकारी उनके साथ दिखाई दे रहे थे और उनके गले में INLD का पटका था।

इस तरह एक ही घटनाक्रम को लेकर JJP और INLD की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। संतोष धारीवाल के वीडियो में दिए गए बयान के अनुसार वह JJP के साथ रहने की बात कह रही हैं।

देवीलाल जयंती से पहले गरमाया मामला

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब 27 सितंबर को नूंह में इनेलो की सम्मान दिवस रैली होनी है। इनेलो ने चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर यह आयोजन रखा है। पार्टी की ओर से पिछले कुछ समय से इस आयोजन को लेकर प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

ऐसे में गुरुग्राम की JJP महिला जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं की कथित जॉइनिंग को लेकर अभय चौटाला की पोस्ट और उसके बाद JJP की सफाई ने हरियाणा की राजनीति में इस घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से सामने रखे गए दावों के बीच संतोष धारीवाल का वीडियो इस मामले का अहम हिस्सा बना हुआ है।