7 महीने पहले तक दोस्ती, फिर ऐसा क्या हुआ कि आर्यन की चली गई.........?

करनाल के सेक्टर-14 में आर्यन पंडित की हत्या के मामले में पुरानी रंजिश सामने आई। कभी पक्के दोस्त रहे दोनों पक्षों के बीच इंस्टाग्राम पर धमकी भरी रील से विवाद बढ़ा।

7 महीने पहले तक दोस्ती, फिर ऐसा क्या हुआ कि आर्यन की चली गई.........?

करनाल में आर्यन पंडित की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई

➤ 7-8 महीने पहले तक दोनों में थी गहरी दोस्ती, मनाली से लौटने के बाद बिगड़े रिश्ते

➤ इंस्टाग्राम पर धमकी भरी रील डालने के बाद बढ़ा विवाद, 10 से 15 युवकों पर हमले का आरोप

करनाल के सेक्टर-14 में आर्यन पंडित की चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या करने के मामले में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मृतक के दोस्त साहिब के अनुसार, आर्यन और आरोपी के बीच करीब 7 से 8 महीने पहले तक गहरी दोस्ती थी। दोनों अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने भी गए थे, लेकिन वहां से लौटने के बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की ओर से इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को धमकी देने वाली रील पोस्ट की जाने लगीं।

आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते 12 अक्टूबर की शाम आरोपी 10 से 15 युवकों के साथ सेक्टर-14 स्थित एक ऑफिस पहुंचा। यहां आर्यन और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया गया। हमले में आर्यन की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त साहिब और हरीश उर्फ करण को भी चोटें आईं। पुलिस मामले में कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।

7-8 महीने पहले तक पक्के दोस्त थे दोनों

आर्यन के दोस्त साहिब ने बताया कि आर्यन और आरोपी के बीच पहले काफी गहरी दोस्ती थी। करीब 7 से 8 महीने पहले दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मनाली गए थे। वहां से लौटने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। साहिब के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने आर्यन को उसकी लड़ाइयों को लेकर ताना मारा।

आरोप है कि आरोपी ने आर्यन से कहा कि उसकी हर लड़ाई में वही उसे बचाता है और उसके अंदर अकेले किसी से लड़ने की हिम्मत नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। जो दोस्त कभी साथ घूमते थे, उनके बीच धीरे-धीरे दूरियां बढ़ गईं और मामला पुरानी रंजिश में बदलने लगा।

इंस्टाग्राम पर डालने लगे धमकी भरी रील

साहिब के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को धमकी देने वाली रील पोस्ट करने का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों पक्ष सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश करते थे। इस तरह सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद लगातार बढ़ता गया।

साहिब ने आरोप लगाया कि करीब 6 महीने पहले आरोपी ने आर्यन को मीरा घाटी चौक पर घेरकर उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट कर आर्यन को दोबारा धमकी दी। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।

4 महीने पहले आर्यन ने आरोपी के साथ की थी मारपीट

साहिब ने बताया कि करीब 4 महीने पहले आर्यन ने सेक्टर-13 में आरोपी के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद आर्यन अपने पिता के पास दिल्ली चला गया था। वारदात से 3-4 दिन पहले ही वह दिल्ली से करनाल लौटा था।

साहिब के अनुसार, 12 अक्टूबर की शाम आर्यन सेक्टर-14 स्थित ऑफिस में अपने दोस्तों के साथ हुक्का पीने आया था। इसी दौरान आरोपी 10 से 15 युवकों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने ऑफिस में घुसते ही आर्यन और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

छाती और सिर पर किए चाकू से वार

साहिब के मुताबिक, हमलावरों ने आर्यन की छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए। उसके सिर पर भी कई चोटें मारी गईं। आर्यन को बचाने के लिए साहिब और अन्य दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

इस हमले में साहिब और हरीश उर्फ करण को भी चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी चाकू और डंडे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आर्यन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी बड़ी बहन के विलाप की तस्वीर भी सामने आई है।

कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

सिविल लाइन थाना के एसएचओ विक्रांत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।