पार्टियों और गानों में सांपों के इस्तेमाल का मामला: ईडी ने एल्विश यादव और राहुल फाजिलपुरिया पर दाखिल की चार्जशीट
ईडी ने यूट्यूबर एल्विश यादव और सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के खिलाफ पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। गानों में सांपों का इस्तेमाल कर वाइल्ड लाइफ एक्ट का उल्लंघन, ₹55 लाख की संपत्ति जब्त, स्काई डिजिटल कंपनी सह आरोपी।
-
ईडी ने फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव और सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की
-
वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के उल्लंघन और अवैध कमाई को संपत्ति में लगाने का आरोप
-
स्काई डिजिटल म्यूजिक कंपनी भी सह आरोपी, 55 लाख की संपत्ति ईडी ने पहले ही अटैच की
प्रसिद्ध यूट्यूबर एल्विश यादव और हरियाणा के सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। दोनों पर गानों और पार्टियों में सांपों का इस्तेमाल कर वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के उल्लंघन का गंभीर आरोप है।
इस मामले में चंडीगढ़ की स्काई डिजिटल कंपनी को भी सह आरोपी बनाया गया है। ईडी ने पहले ही दोनों की 55 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच कर दी थी। एजेंसी का कहना है कि अवैध गतिविधि से हुई कमाई को रियल एस्टेट में निवेश किया गया।
यह मामला तब सामने आया जब पूर्व सांसद और पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी की संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल्स (PFA) के सदस्य सौरभ ने शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एल्विश यादव और राहुल फाजिलपुरिया ने अपने गानों और निजी पार्टियों में सांपों का प्रयोग कर वाइल्ड लाइफ एक्ट का उल्लंघन किया। इस शिकायत पर नोएडा पुलिस ने 2 नवंबर 2023 को एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
17 मार्च 2024 को नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि इस गैरकानूनी गतिविधि में स्काई डिजिटल म्यूजिक कंपनी ने तकनीकी और वित्तीय सहयोग दिया था। ईडी के आरोप पत्र के अनुसार, कमाई को प्रॉपर्टी में निवेश किया गया और कई ट्रांजेक्शन ऐसे हैं जो “गैरकानूनी स्रोत” से जुड़े हो सकते हैं।
ईडी की जांच में आए वित्तीय लिंक
ईडी ने पाया कि एल्विश यादव और राहुल फाजिलपुरिया ने अपने यूट्यूब वीडियो, लाइव इवेंट्स और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स से प्राप्त कुछ आय को अघोषित निवेशों में लगाया। एजेंसी ने इस पैसे को प्रोसीड्स ऑफ क्राइम (अपराध की कमाई) मानते हुए कार्रवाई की और 55 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच कर दी। जांच अधिकारी के अनुसार, चार्जशीट में बैंक अकाउंट, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और प्रोडक्शन कॉन्ट्रैक्ट्स के डिजिटल सबूत शामिल हैं।
सौरभ बोले – यह पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी जीत
PFA कार्यकर्ता सौरभ ने कहा कि यह कदम उन सभी के लिए चेतावनी है जो मनोरंजन के नाम पर जीव-जंतुओं का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि मशहूर हस्तियों की जिम्मेदारी होती है कि वे युवाओं के बीच सही संदेश दें।
Author1