दीवान हॉस्पिटल की नई पहल: महिलाओं के स्वास्थ्य पर मंथन, 14 जून को विशाल रक्तदान शिविर
असंध स्थित दीवान मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता बैठक आयोजित की गई। महिलाओं के स्वास्थ्य पर चर्चा हुई और 14 जून को विशाल रक्तदान शिविर लगाने की घोषणा की गई।
- दीवान हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष बैठक आयोजित
- महिलाओं के स्वास्थ्य और सस्ती चिकित्सा सुविधाओं पर हुई चर्चा
- 14 जून को अस्पताल परिसर में लगेगा विशाल रक्तदान शिविर
पानीपत जिले के असंध स्थित दीवान मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नारी कल्याण समिति और अस्पताल प्रबंधन के बीच महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वास्थ्य जागरूकता और भविष्य में स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नारी कल्याण समिति की चेयरपर्सन कंचन और उनकी टीम ने भाग लिया। वहीं अस्पताल की ओर से हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट डॉ. ललित गर्ग, डॉ. अर्पित गोयल, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमति सैनी सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डॉ. ललित गर्ग ने बताया कि दीवान हॉस्पिटल में मात्र 100 रुपये की ओपीडी सुविधा उपलब्ध है, जिसमें मरीज विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अस्पताल में दवाइयों और विभिन्न जांचों पर भी विशेष छूट दी जा रही है, ताकि आम लोगों को बेहतर और किफायती चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि अब दिल से संबंधित जांचों के लिए मरीजों को दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। दीवान हॉस्पिटल में हार्ट सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध है, जिसके माध्यम से हृदय रोगों की आधुनिक जांच की जाती है।
डॉ. ललित गर्ग ने कहा कि अस्पताल का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। इसी सोच के तहत समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस अवसर पर नारी कल्याण समिति की ओर से अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नीरज दीवान ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।
उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने की आवश्यकता हो या कोई जरूरतमंद मरीज बेहतर इलाज से वंचित हो तो उसे अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमति सैनी ने कहा कि नारी कल्याण समिति के साथ यह सहयोग महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। बैठक के दौरान महिलाओं ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और चिंताओं को खुलकर साझा किया। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से महिलाओं तक स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर इलाज की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
14 जून को लगेगा विशाल रक्तदान शिविर
दीवान मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा आगामी 14 जून को अस्पताल परिसर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. ललित गर्ग ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
Akhil Mahajan