पत्नी की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति पर करंट लगाकर हत्या का आरोप
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में महिला की संदिग्ध मौत के बाद पति पर करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
• छत्तीसगढ़ में महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी
• परिजनों ने पति पर करंट लगाकर हत्या करने का लगाया आरोप
• मौत के बाद आरोपी के डांस करने का दावा, पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय महिला की शादी वर्ष 2020 में गांव निवासी संतलाल (26) से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ वर्षों बाद संतान नहीं होने पर पति का व्यवहार बदलने लगा।
मृतका के भाई राजेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि आरोपी पति का किसी दूसरी युवती के साथ संबंध था। वह अक्सर मोबाइल और सोशल मीडिया पर दूसरी लड़की की तस्वीरें लगाता था, जिसको लेकर घर में विवाद होता था। इस विवाद को लेकर समाज स्तर पर दो बार बैठक भी हुई थी, जिसमें पति को पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने की समझाइश दी गई थी।
परिजनों का दावा है कि समझाइश के बावजूद आरोपी का रवैया नहीं बदला। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक बैठक के दौरान आरोपी ने पत्नी को जान से मारने तक की धमकी दी थी। इसके बाद से महिला मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
परिवार के अनुसार 17 मई की रात महिला की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के हाथों पर जलने जैसे निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि महिला को बिस्तर में करंट लगाकर मारा गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी दूसरी महिला को घर लाना चाहता था और इसी वजह से उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मामले में एक और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। परिवार का कहना है कि महिला की मौत के बाद आरोपी पति तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस कर रहा था।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी भी उन्हें काफी देर बाद दी गई। सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
pooja