सोनीपत मेयर चुनाव में संपत्ति का खेल,9.5 करोड़ संपत्ति के साथ दीवान भारी, लेकिन कर्ज भी बड़ा
सोनीपत मेयर चुनाव में उम्मीदवारों की संपत्ति और कर्ज का खुलासा हुआ। कमल दीवान 9.5 करोड़ संपत्ति के साथ आगे हैं, जबकि राजीव जैन कर्ज के मामले में ज्यादा संतुलित हैं।
➤ कमल दीवान 9.5 करोड़ संपत्ति के साथ सबसे आगे
➤ दीवान पर 6 से 8 करोड़ तक भारी कर्ज
➤ राजीव जैन के पास कम संपत्ति, लेकिन कर्ज बेहद कम
हरियाणा के सोनीपत नगर निगम मेयर चुनाव में उम्मीदवारों की आर्थिक स्थिति अब चर्चा का केंद्र बन गई है। भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन और कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान के एफिडेविट ने उनकी संपत्ति, आय, सोना-चांदी और कर्ज की पूरी तस्वीर सामने रख दी है। इस चुनाव में अब राजनीतिक मुकाबले के साथ आर्थिक ताकत की भी तुलना होने लगी है।
भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने अपने शपथ पत्र में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कुल आय 7,45,320 रुपए घोषित की है। उनकी पत्नी कविता जैन की आय 17,53,020 रुपए और परिवार के सदस्य दिव्यांक जैन की आय 6,64,370 रुपए बताई गई है। जैन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
चल संपत्ति की बात करें तो राजीव जैन के पास करीब 1.97 लाख रुपए नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1.58 लाख रुपए नकद हैं। उन्होंने विभिन्न निवेश योजनाओं में करीब 52.78 लाख रुपए और उनकी पत्नी ने करीब 39 लाख रुपए निवेश किए हैं। उनके पास करीब 3 लाख रुपए का वाहन और सोना-चांदी के रूप में लगभग 50 ग्राम सोना व 4 किलो चांदी है।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले उपचुनाव के मुकाबले इस बार जैन परिवार के पास सोना कम हुआ है, जबकि चांदी में करीब 1 किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अचल संपत्ति के मामले में राजीव जैन के पास सेक्टर-15 समेत कई स्थानों पर आवासीय संपत्तियां हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए में आंकी गई है। हालांकि उनके नाम पर कोई व्यक्तिगत लोन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के नाम पर करीब 1.22 करोड़ रुपए का बैंक लोन (हाउस और एजुकेशन) दर्ज है।
दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान आर्थिक रूप से काफी मजबूत नजर आते हैं। उनके पास कुल मिलाकर करीब 9.50 करोड़ रुपए की संपत्ति है। हालांकि इस संपत्ति के साथ उन पर 6.62 करोड़ से लेकर करीब 8.27 करोड़ रुपए तक का भारी कर्ज भी दर्ज है।
कमल दीवान की संपत्ति में पिछले उपचुनाव के बाद बड़ा इजाफा हुआ है। उनकी चल संपत्ति 2.88 करोड़ से बढ़कर 6.62 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। उनकी पत्नी की संपत्ति भी 1.55 करोड़ से बढ़कर करीब 2.49 करोड़ रुपए हो गई है।
दीवान के पास करीब 1.50 लाख रुपए नकद और 9 बैंक खातों में लगभग 2.73 करोड़ रुपए जमा हैं। उन्होंने 22.18 लाख रुपए इनकम टैक्स के रूप में चुकाए हैं। उनकी पत्नी के पास 1.15 लाख रुपए नकद और करीब 17.11 लाख रुपए बैंक खातों में जमा हैं।
लक्जरी लाइफस्टाइल की झलक भी उनके एफिडेविट में दिखती है। उनके पास Toyota Vellfire, Mercedes-Benz और Mahindra Thar जैसी महंगी गाड़ियां हैं। सोने-चांदी की बात करें तो कमल दीवान और उनकी पत्नी के पास मिलाकर करीब 1 किलो सोना और 3 किलो चांदी है।
निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. कमलेश कुमार सैनी की संपत्ति अपेक्षाकृत कम है। उनके पास करीब 39.87 लाख रुपए की चल संपत्ति है। उनके पास 70 हजार रुपए नकद, करीब 1 लाख रुपए बैंक में जमा और लगभग 21 लाख रुपए निवेश हैं।
हालांकि डॉ. सैनी पर करीब 1 करोड़ रुपए का बैंक लोन भी दर्ज है। उनके पास करीब 10 तोले सोना और उनकी पत्नी के पास 20 तोले सोना है।
अगर तुलना की जाए तो संपत्ति के मामले में कमल दीवान सबसे आगे हैं, जबकि सोने में भी दीवान परिवार भारी है। वहीं चांदी के मामले में राजीव जैन परिवार आगे नजर आता है।
कर्ज के मामले में स्थिति पूरी तरह उलट है। जहां कमल दीवान पर भारी कर्ज का बोझ है, वहीं राजीव जैन पर व्यक्तिगत कर्ज नहीं है और परिवार की देनदारी भी सीमित है। इससे आर्थिक स्थिरता के मामले में जैन की स्थिति ज्यादा संतुलित मानी जा रही है।
Akhil Mahajan