नहर में कूद गया लड़का, आखिरी पल में रुक गई लड़की; शोर मचाया तो शुरू हुआ रेस्क्यू
रोहतक की JLN नहर में एक नाबालिग लड़के ने छलांग लगा दी। उसके साथ मौजूद लड़की ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी है।
- नहर किनारे सुसाइड करने पहुंचे थे नाबालिग लड़का-लड़की
- लड़के ने नहर में लगाई छलांग, लड़की पीछे हट गई
- रोहतक में गोताखोरों की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
हरियाणा के रोहतक में शनिवार शाम एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां एक नाबालिग लड़का और लड़की कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से दिल्ली बाईपास स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) नहर पर पहुंचे। इस दौरान लड़के ने नहर में छलांग लगा दी, जबकि उसके साथ मौजूद लड़की आखिरी समय पर खुद को रोक नहीं सकी और उसने लोगों को आवाज देकर मदद मांगी।
जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग शाम के समय दिल्ली बाईपास स्थित नहर के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर बाद लड़के ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। हालांकि लड़की ने भी ऐसा करने का प्रयास किया, लेकिन वह हिम्मत नहीं जुटा सकी और घबरा गई।
लड़के के नहर में कूदने के बाद लड़की ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद गोताखोरों को बुलाया गया और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक गोताखोर लड़के की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
पुलिस लड़की से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं नहर में लापता लड़के की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग भी नहर किनारे चल रहे सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम लड़के की तलाश में जुटी हुई है।
Akhil Mahajan