महाभारत के 'अश्वत्थामा' को अंतिम विदाई, नहीं रहे अभिनेता प्रदीप रावत
महाभारत में अश्वत्थामा का किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का आज मुंबई में अंतिम संस्कार होगा। कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद 74 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।
➤ मुंबई के गोरेगांव में आज होगा अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार
➤ लगान, गजनी और महाभारत से बनाई थी अभिनय की अलग पहचान
➤ कैंसर से लंबी जंग के बाद 74 वर्ष की उम्र में मंगलवार को हुआ निधन
महाभारत में अश्वत्थामा का अमर किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। मंगलवार को 74 वर्ष की उम्र में कैंसर से उनका निधन हो गया था। आज दोपहर मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) स्थित बेस्ट कॉलोनी के पास उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और फिल्म जगत के कलाकार व करीबी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
अंतिम यात्रा के लिए फूलों से सजी वाहन भी मौके पर पहुंच गई है। अभिनेता रजा मुराद समेत कई कलाकार अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।
कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद थम गई जिंदगी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत पिछले काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे। बीमारी दोबारा लौटने के बाद पिछले करीब एक महीने से उनका मुंबई के अस्पताल में इलाज चल रहा था। तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
महाभारत के अश्वत्थामा से मिली अमर पहचान
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत से की थी। अश्वत्थामा के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई।
लगान और गजनी में निभाए यादगार किरदार
हिंदी सिनेमा में लगान, सरफरोश, गजनी, ग्रैंड मस्ती और कई अन्य फिल्मों में उनके निभाए किरदार आज भी दर्शकों के जेहन में हैं। गजनी में उनके खलनायक वाले किरदार को खूब सराहा गया। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म 'छावा' थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी।
आधी रात आमिर खान का आया था फोन
फिल्म सरफरोश में उनके अभिनय से प्रभावित होकर आमिर खान ने आधी रात उन्हें लगान के लिए फोन किया था। शुरुआत में परिवार को यह मजाक लगा, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आने पर प्रदीप रावत अगले दिन आमिर के ऑफिस पहुंचे और फिल्म साइन की। यहीं से उन्हें देवा सिंह सोढ़ी का यादगार किरदार मिला।
सलमान खान ने भी किया था जिक्र
कुछ महीने पहले सलमान खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि गजनी फिल्म को लेकर प्रदीप रावत से उनकी दिलचस्प बातचीत हुई थी। दोनों कलाकारों ने बागी, पत्थर के फूल और संगदिल सनम जैसी फिल्मों में साथ काम किया था।
सोनू सूद समेत सितारों ने दी श्रद्धांजलि
अभिनेता सोनू सूद, यशपाल शर्मा सहित कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनके निधन को भारतीय फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है।
परिवार में पत्नी और बेटा
प्रदीप रावत की पहली शादी ज्यादा समय तक नहीं चली। बाद में उन्होंने कल्याणी रावत से विवाह किया। उनके परिवार में पत्नी और बेटा विक्रमादित्य रावत हैं।
Akhil Mahajan