22 वर्षीय युवक की गला रेतकर ह*त्या, दो दिन से था लापता,खेत में मिला श*व
फरीदाबाद के सरूरपुर गांव में 22 वर्षीय सचिन की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दो दिन से लापता युवक का शव खेत में मिला, पुलिस जांच जारी।
फरीदाबाद के सरूरपुर गांव में 22 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या
➤ सचिन दो दिन से था लापता, बुधवार सुबह खेत में मिला शव
➤ पिता ने किसी से रंजिश से किया इनकार, बहन ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में बुधवार सुबह एक युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सरूरपुर गांव के खेतों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले सचिन (22) के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिन से लापता था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
सचिन की हत्या किसने और किस वजह से की, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। परिवार ने किसी के साथ रंजिश या लड़ाई-झगड़ा होने से इनकार किया है। सचिन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी बड़ी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सोमवार से लापता था सचिन, बुधवार सुबह खेत में मिला शव
जानकारी के अनुसार, सचिन फरीदाबाद के सरूरपुर गांव स्थित श्याम नगर में अपने परिवार के साथ रहता था। वह एक कंपनी में काम करता था और अविवाहित था। परिवार के मुताबिक, सचिन सोमवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
बुधवार सुबह एक युवक सचिन के घर पहुंचा और उसके पिता जगबीर को सूचना दी कि उनके बेटे का शव खेत में पड़ा हुआ है। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां सचिन का शव देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके गले पर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पिता बोले- किसी से कोई रंजिश नहीं थी
सचिन के पिता जगबीर ने बताया कि वे सरूरपुर के श्याम नगर में रहते हैं। बुधवार सुबह एक युवक उनके पास आया था और उसने सचिन का शव खेत में पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां बेटे का शव पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि सचिन सोमवार से लापता था और एक कंपनी में काम करता था।
जगबीर के अनुसार, उनके परिवार की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। उन्हें यह भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर किसने उनके बेटे की हत्या की और इसके पीछे क्या वजह रही होगी। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।
बहन बोली- किसी से लड़ाई नहीं करता था, शराब पीने की आदत थी
सचिन की बड़ी बहन ने बताया कि उसका भाई किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। हालांकि, उसे शराब पीने की आदत थी। परिवार को इस बात की जानकारी नहीं है कि सचिन की हत्या किसने की और किस कारण से उसे निशाना बनाया गया।
बहन ने भावुक होते हुए कहा कि आरोपियों ने उनका इकलौता भाई छीन लिया। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सचिन को इंसाफ मिल सके।
पड़ोसी बोले- अच्छे स्वभाव का था सचिन, किसी से नहीं करता था झगड़ा
घटनास्थल पर पहुंचे सचिन के एक पड़ोसी ने बताया कि सचिन अच्छे स्वभाव का लड़का था। वह किसी से लड़ाई नहीं करता था। गांव के लोगों को भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर किसने उसकी हत्या की।
पड़ोसी ने कहा कि अगर शराब पीने के बाद सचिन का किसी से कोई झगड़ा हुआ भी होगा तो इसका मतलब यह नहीं कि कोई इतनी बेरहमी से उसका गला काट दे। घटना की जानकारी मिलने के बाद से गांव के लोग भी हैरान हैं।
क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने संभाली जांच
युवक का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सचिन दो दिन से लापता था और बुधवार सुबह उसका शव खेत में मिला। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Akhil Mahajan