मुंबई में टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में करनाल की 22 वर्षीय सुनेहा गिरफ्तार, क्रिप्टो अकाउंट से आरोपियों को भेजे थे पैसे, जान कौन है सुनेहा
मुंबई में टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में करनाल की 22 वर्षीय सुनेहा गिरफ्तार। क्रिप्टोकरेंसी अकाउंट से आरोपितों को पैसे भेजने का आरोप, पुलिस जांच जारी।
➤ करनाल की शिव कॉलोनी स्थित शास्त्री नगर से मुंबई पुलिस ने सुनेहा उर्फ परी को गिरफ्तार किया
➤ पति अभिषेक के नाम पर खोले गए क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग अकाउंट से आरोपितों के खातों में ट्रांसफर हुई थी रकम
➤ चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई पुलिस, अब पैसों के स्रोत और अन्य लोगों की भूमिका की जांच
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले की जांच अब हरियाणा तक पहुंच गई है। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने करनाल की 22 वर्षीय सुनेहा उर्फ परी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुनेहा ने अपने पति अभिषेक के नाम पर खुलवाए गए क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग अकाउंट के माध्यम से फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपितों के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किए थे। इस वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ने के बाद मुंबई पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से कार्रवाई की और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम पानीपत पुलिस को साथ लेकर करनाल पहुंची थी। पुलिस टीम ने करनाल की शिव कॉलोनी स्थित शास्त्री नगर में दबिश देकर सुनेहा को हिरासत में लिया। इसके बाद उससे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसी दिन उसे सिविल जज न्यायिक मजिस्ट्रेट रितिका शर्मा की अदालत में पेश किया गया, जहां से मुंबई पुलिस को चार दिन का ट्रांजिट रिमांड मिल गया।
आरोपितों के बैंक खातों की जांच में सामने आया नाम
मुंबई पुलिस इस मामले में पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इनमें सोनीपत के गांव बरौदा निवासी 18 वर्षीय फुलसिंह नरेश, सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी निवासी रेहान और मुंबई निवासी रितिक शामिल हैं। इन लोगों से पूछताछ और इनके बैंक खातों की जांच के दौरान सुनेहा का नाम सामने आया। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने पानीपत क्राइम ब्रांच से संपर्क किया और महिला की भूमिका की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सुनेहा ने अपने पति अभिषेक के नाम पर एसबीआई में क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया हुआ था। इसी अकाउंट के माध्यम से फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपितों के बैंक खातों में रुपये भेजे गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन पैसों का वास्तविक स्रोत क्या था और किन परिस्थितियों में यह रकम आरोपितों तक पहुंचाई गई।
विदेश में बैठे अनिल पंडित से भी जुड़ा मामला
जांच में सुनेहा का संबंध विदेश में रह रहे अनिल पंडित के परिवार से भी सामने आया है। वह अनिल पंडित के छोटे भाई अभिषेक की पत्नी है। अनिल पंडित पानीपत के रेर कलां गांव का रहने वाला है और फिलहाल विदेश में है। जानकारी के अनुसार, उसके पिता जेल में हैं, जबकि छोटे भाई अभिषेक के खिलाफ भी पानीपत के बापौली थाने में दो मामले दर्ज हैं।
पांच नवंबर को मुंबई की अदालत में पेशी
सुनेहा को चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है। अब मुंबई पुलिस उससे वित्तीय लेनदेन और अन्य संबंधित पहलुओं पर पूछताछ करेगी। पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि उसके खाते में रकम कहां से आई, किसके निर्देश पर आरोपितों के खातों में पैसे भेजे गए और इस पूरे लेनदेन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पांच नवंबर को सुनेहा को मुंबई की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की जांच का फोकस अब इस वित्तीय लेनदेन की पूरी कड़ी का पता लगाने पर है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फायरिंग की घटना से जुड़े आरोपितों तक रकम किस माध्यम से पहुंची थी।
Akhil Mahajan