मिठाई की दुकान पर CM फ्लाइंग की रेड,पनीर-खोया के सैंपल लिए, दिवाली तक चलेगा अभियान
पिंजौर में CM फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकान पर छापा मारकर पनीर और खोया के सैंपल लिए। पंचकूला में अब तक 72 से अधिक सैंपल लिए गए।
पिंजौर की मिठाई की दुकान पर CM फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई
➤ पनीर और खोया के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
➤ पंचकूला जिले में अब तक 72 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके
कालका, पंचकूला। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को CM फ्लाइंग टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिंजौर शहर में एक मिठाई की दुकान पर जांच अभियान चलाया। टीम ने दुकान से पनीर और खोया के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। इन सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के दौरान बाजार में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से दुकानों की जांच की जा रही है। पिंजौर में की गई कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।
पंचकूला जिले में अब तक 72 से अधिक सैंपल लिए
पंचकूला के फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. रामवीर ने बताया कि प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार त्योहारों को ध्यान में रखते हुए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीमें बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि पंचकूला जिले में अब तक 72 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटी सामान की बिक्री पर रोक लगाना है।
दिवाली तक जारी रहेगा खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान
डॉ. रामवीर ने बताया कि दिवाली के त्योहार तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी, ताकि लोगों को मिलावटी खाद्य सामग्री से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को पिंजौर की दुकान से लिए गए पनीर और खोया के सैंपलों की लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस मौके पर एएसआई संजय, एचसी प्रदीप, गुरमीत सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan