कांग्रेस युवा अध्यक्ष की ह*त्या , 35 एकड़ जमीन को लेकर था विवाद

सिरसा के कालांवाली में कांग्रेस युवा हलका अध्यक्ष लवप्रीत सिंह की हत्या। 35 एकड़ जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद, पिता घायल और आरोपी फरार।

कांग्रेस युवा अध्यक्ष की ह*त्या , 35 एकड़ जमीन को लेकर था विवाद

सिरसा के कालांवाली में कांग्रेस युवा हलका अध्यक्ष लवप्रीत सिंह की पीट-पीटकर हत्या

➤ करीब 35 एकड़ जमीन को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद, सौतेले बड़े भाई पर आरोप

➤ खेत में लाठी-डंडों से हमला, झगड़े में पिता नाजम सिंह भी घायल; हमलावर फरार

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में मंगलवार को कांग्रेस युवा हलका अध्यक्ष लवप्रीत सिंह की हत्या कर दी गई। करीब 30 वर्षीय लवप्रीत सिंह का परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कालांवाली गांव के खेत में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान लवप्रीत सिंह पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। झगड़े में उनके पिता नाजम सिंह भी घायल हो गए।

घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, लवप्रीत सिंह खेत में गए हुए थे। उस समय उनके पिता नाजम सिंह, बड़े भाई गुरलाल और अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लवप्रीत को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद हमलावर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने और घायल पिता के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिवार की ओर से भाई की भूमिका को लेकर पुष्टि नहीं की जा रही है। जमीन के विवाद को लेकर दोनों भाइयों और पिता के परिवार के बीच पहले भी पंचायत हो चुकी थी।

35 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, लवप्रीत सिंह सरा कालांवाली गांव में डिस्पेंशरी के साथ बने मकान में रहते थे। उनके पिता नाजम सिंह की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जबकि दूसरी शादी से लवप्रीत सिंह अपनी मां की इकलौती संतान थे।

नाजम सिंह के पास गांव में करीब 35 एकड़ जमीन है। इसी जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। बताया गया है कि सौतेला बड़ा भाई गुरलाल करीब सात-आठ महीने पहले ही परिवार से अलग होकर रहने लगा था। इसके बावजूद जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद बना हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले पंचायत भी हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह खेत में इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। झगड़े के दौरान लवप्रीत सिंह को लाठी-डंडों से पीटा गया। इस मारपीट में उनके पिता नाजम सिंह भी घायल हो गए। पुलिस अब घायल के बयान और आरोपियों की गिरफ्तारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

तीन साल का बेटा छोड़ गए लवप्रीत सिंह

करीब 30 वर्षीय लवप्रीत सिंह की शादी लगभग चार से पांच साल पहले हुई थी। उनका तीन साल का एक बेटा है। वह खेती-बाड़ी का काम करते थे और अक्सर पगड़ी पहनते थे। उनकी हत्या की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों में रहते थे सक्रिय

लवप्रीत सिंह राजनीतिक रूप से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहते थे। वह कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में नजर आते थे। हलका और जिला स्तर पर पार्टी के प्रदर्शन तथा अन्य कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी रहती थी।

पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता के चलते वह स्थानीय स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहचाने जाते थे। वह अक्सर पार्टी के आयोजनों में शामिल होते थे।

दिल्ली में वोट चोरी प्रदर्शन में भी हुए थे शामिल

हाल ही में दिल्ली में आयोजित वोट चोरी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भी लवप्रीत सिंह यूथ प्रदेशाध्यक्ष मोहित शर्मा और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली गए थे। इस दौरान उनकी तस्वीर भी सामने आई थी। इसके अलावा वह कांग्रेस पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भी सक्रिय नजर आते थे।

बीते दिनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल के बेटे नीतेश बेनीवाल की रिसेप्शन पार्टी में भी लवप्रीत सिंह दड़बां कलां में आयोजित कार्यक्रम में दिखाई दिए थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों के फरार होने के कारण घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि होना बाकी है। घायल पिता के बयान दर्ज होने और आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।