नाबालिग से जीजा ने किया दुष्कर्म, 5 महीने की गर्भवती होने पर खुला राज
सिरसा के डबवाली में नाबालिग से जीजा पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। 5 महीने की गर्भवती होने पर मामला खुला, शिकायत के 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार हुआ।
डबवाली में नाबालिग से जीजा पर दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर खुला मामला
➤ अप्रैल में घर पर अकेली थी 15 वर्षीय नाबालिग, आरोपी ने धमकी देकर चुप कराया
➤ शिकायत के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया
सिरसा के डबवाली क्षेत्र में नाबालिग से उसके सगे जीजा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिग करीब 5 महीने की गर्भवती हो गई। आरोप है कि अप्रैल में घर पर अकेली होने के दौरान उसके जीजा ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर धमकी दी। डर के कारण नाबालिग कई महीनों तक चुप रही।
बाद में उसे पेट दर्द और अन्य दिक्कतें होने लगीं। परिवार ने उसका चेकअप कराया तो उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपने जीजा द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। परिवार की शिकायत के बाद डबवाली सदर थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 23 साल है और उसने करीब दो साल पहले गांव की ही एक युवती से लव मैरिज की थी। आरोपी की पत्नी पीड़िता की बहन है। आरोपी का करीब एक साल का बेटा भी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
गांव की युवती से की थी लव मैरिज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक और उसकी पत्नी एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। करीब दो साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच अनबन हो गई थी। इसके चलते कुछ समय तक युवक और उसकी पत्नी गांव से बाहर रहे।
बाद में दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक-युवती वापस गांव में रहने लगे। इसके बाद आरोपी का अपनी पत्नी के मायके में भी आना-जाना होने लगा। इसी दौरान वह अपनी 15 साल की साली के संपर्क में आया।
आरोप है कि मौका मिलने पर आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं थी। आरोपी की पत्नी और परिवार भी इस घटना से अनजान रहे।
अप्रैल में घर पर अकेली थी नाबालिग
पुलिस जांच में नाबालिग ने बताया कि घटना अप्रैल की है। एक दिन वह घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य काम के लिए बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान उसके जीजा ने उसके साथ दो से तीन बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
नाबालिग के अनुसार, आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी दी थी। इसके बाद वह डर गई और उसने परिवार के किसी सदस्य को कुछ नहीं बताया। डर के कारण वह कई महीनों तक इस घटना को अपने तक ही रखती रही।
पेट दर्द के बाद परिवार को बताई पूरी बात
कुछ समय बाद नाबालिग को पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं। परिवार को जब उसकी तबीयत को लेकर शक हुआ तो उसका चेकअप कराया गया। जांच के दौरान उसके करीब 5 महीने की गर्भवती होने की बात सामने आई।
गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों ने नाबालिग से पूछताछ की। इस दौरान उसने जीजा द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार ने सोमवार को डबवाली पुलिस को शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलते ही केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
डबवाली सदर थाना प्रभारी दलीप कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार BNS और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan