पाकिस्तान में आत्मघाती हमला: पुलिस स्टेशन के बाहर ब्लास्ट, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती हमला हुआ। घटना में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हुई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला: पुलिस स्टेशन के बाहर ब्लास्ट, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत

➤ खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती विस्फोट

➤ 8 पुलिसकर्मियों सहित 14 लोगों की मौत, 22 घायल; इलाके में हाई अलर्ट

➤ शांति रैली के दौरान हुआ धमाका, किसी संगठन ने अब तक जिम्मेदारी नहीं ली


पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को हुए आत्मघाती हमले में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। धमाका काबल पुलिस स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर उस समय हुआ, जब पास ही आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली चल रही थी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक युवक पुलिस स्टेशन के गेट तक पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि उसे काबू किया जाता, उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

धमाके के बाद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शांति रैली के बीच दहला इलाका

घटना के समय काबल चौक पर बड़ी संख्या में लोग आतंकवाद के विरोध में रैली निकाल रहे थे। धमाके के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

हमले के कई घंटे बाद तक किसी भी आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

धमाके के बाद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने भी पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से रिपोर्ट तलब की है और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।

घटनास्थल पर तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके बाद घायलों को तुरंत सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आतंकी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी

हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। सुरक्षा रिपोर्टों के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र बने हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन इलाकों में सक्रिय आतंकी संगठनों की गतिविधियां पहले के मुकाबले तेज हुई हैं।