करनाल में कॉलेज के बाहर चले चाकू,दो छात्र घायल

करनाल के दयाल सिंह कॉलेज के बाहर 25-30 युवकों ने दो छात्रों पर हमला किया। प्रतीक के सिर पर 10 और नितिन को 6 टांके लगे। पुलिस ने केस दर्ज किया।

करनाल में कॉलेज के बाहर चले चाकू,दो छात्र घायल

करनाल में कॉलेज के बाहर 25-30 युवकों ने दो छात्रों को घेरा
तलवार, चाकू और गंडासी से हमले का आरोप, प्रतीक के सिर पर 10 टांके लगे
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की

करनाल के दयाल सिंह कॉलेज के बाहर दो छात्रों पर 25-30 युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर तलवार, चाकू और गंडासी लेकर पहुंचे थे। हमले में गांव नरूखेड़ी निवासी छात्र प्रतीक और उसके दोस्त नितिन को चोटें आईं। दोनों छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने दोनों छात्रों को घेरकर उन पर हमला किया। दोनों ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गए। जाते समय आरोपियों पर जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले की शिकायत के बाद करनाल के सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले फोन करके कॉलेज के बाहर बुलाया, फिर युवकों ने घेर लिया

गांव नरूखेड़ी निवासी प्रतीक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दयाल सिंह कॉलेज में पढ़ता है। उसका दोस्त नितिन भी गांव नरूखेड़ी का रहने वाला है। शिकायत के अनुसार कुछ दिन पहले उनकी एक लड़के से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

इसी मामले के बाद 11 सितंबर को करीब 12 बजे उसी लड़के ने प्रतीक को फोन किया और उसे कॉलेज के बाहर बुलाया। फोन आने के बाद प्रतीक और नितिन दोनों कॉलेज से बाहर आए। शिकायत के मुताबिक, कॉलेज के बाहर पहुंचते ही वहां मौजूद 25-30 युवकों ने दोनों को घेर लिया

तलवार, चाकू और गंडासी से हमला करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, युवकों ने दोनों छात्रों पर तलवार, चाकू और गंडासी से हमला किया। इस हमले में प्रतीक के सिर पर दो जगह चाकू से वार किया गया, जबकि उसके दोस्त नितिन की ठोड़ी पर चोट लगी।

हमले के बाद दोनों छात्रों को उपचार के लिए ले जाया गया। शिकायत में बताया गया है कि प्रतीक के सिर पर 10 टांके लगाए गए, जबकि नितिन को 6 टांके लगे हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।

हमले के दौरान दोनों छात्रों ने शोर मचाया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। आरोप है कि जाते समय युवकों ने दोनों को जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों पर दर्ज किया केस

मामले को लेकर प्रतीक ने करनाल सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी मुख्य सिपाही राजेंद्र को सौंपी गई है। अब पुलिस हमले में शामिल युवकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।