इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी आग, शहर के बड़े बिजनेसमैन सहित 8 लोगों की जलकर मौत
इंदौर में EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। इलेक्ट्रॉनिक लॉक नहीं खुलने से लोग घर में फंस गए।
■ इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी आग
■ तीन मंजिला मकान में फैली आग, 8 लोगों की मौत, 3 गंभीर
■ बिजली बंद होने से इलेक्ट्रॉनिक लॉक नहीं खुला, बचाव मुश्किल
इंदौर में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग के दौरान लगी आग ने देखते ही देखते एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 4 बजे एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग में लगी थी, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में यह आग तीन मंजिला मकान में फैल गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में शहर के एक बड़े कारोबारी समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, कार में लगी आग धीरे-धीरे पूरे घर में फैल गई और वहां रखे गैस सिलेंडरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान का एक हिस्सा भी ढह गया।
इस हादसे में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद घर की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे मुख्य दरवाजे पर लगा इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम करना बंद कर गया। इसी कारण अंदर फंसे लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके और यह लॉक उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पूरे इलाके में इस घटना के बाद शोक और भय का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और EV चार्जिंग सिस्टम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
■ EV चार्जिंग के दौरान बरतें ये जरूरी सावधानियां
-
सिर्फ प्रमाणित चार्जर और वायरिंग का ही उपयोग करें
-
चार्जिंग के दौरान वाहन को ओवरलोडेड सॉकेट में न लगाएं
-
रात में चार्जिंग करते समय निगरानी व्यवस्था जरूर रखें
-
घर के अंदर की बजाय खुले और हवादार स्थान पर चार्ज करें
-
चार्जिंग पॉइंट के पास फायर एक्सटिंग्विशर रखें
-
वायर और सॉकेट की नियमित जांच करते रहें
-
इलेक्ट्रॉनिक लॉक के साथ मैनुअल बैकअप सिस्टम जरूर रखें
Akhil Mahajan