हरियाणा में तीसरे दिन भी मेहरबान मानसून, 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट

हरियाणा में लगातार तीसरे दिन बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश दर्ज हुई और तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आई।

हरियाणा में तीसरे दिन भी मेहरबान मानसून, 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट

हरियाणा में लगातार तीसरे दिन बारिश, 14 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

गुरुग्राम में सबसे अधिक 83 MM बारिश, कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

लगातार बारिश से प्रदेश का तापमान 5 डिग्री तक गिरा, लोगों को गर्मी से राहत


हरियाणा में मानसूनी हवाएं पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं। प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को 14 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

कुरुक्षेत्र में बारिश शुरू हो गई।

गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद और पंचकूला में बारिश दर्ज की गई। करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 120 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल और आसपास के कुछ क्षेत्रों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 और 11 जुलाई तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 11 जुलाई के बाद पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में मौसम शुष्क होने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में गुरुग्राम में सबसे अधिक 83.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद करनाल में 79.5 मिलीमीटर, पलवल में 42.0 मिलीमीटर, हथिनीकुंड बैराज (यमुनानगर) में 36.0 मिलीमीटर, नूंह में 25.5 मिलीमीटर, अंबाला में 19.9 मिलीमीटर, कैथल में 15.5 मिलीमीटर, रोहतक में 6.8 मिलीमीटर तथा महेंद्रगढ़ में 4.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 29.0°C और करनाल का 29.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2°C दर्ज हुआ। रात के तापमान में भी औसतन 2.2 डिग्री की गिरावट आई है। नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.5°C रिकॉर्ड किया गया।