थार सवार युवकों की गुंडागर्दी: गाड़ी साइड करने पर सिविल इंजीनियर को पीटा, गर्दन की हड्डी टूटी

गुरुग्राम के सेक्टर-71 में रोड रेज का मामला। गाड़ी साइड करने के विवाद में ब्लैक थार सवार युवकों ने सिविल इंजीनियर को कार से खींचकर पीटा, गर्दन की हड्डी टूटी।

थार सवार युवकों की गुंडागर्दी: गाड़ी साइड करने पर सिविल इंजीनियर को पीटा, गर्दन की हड्डी टूटी

गुरुग्राम में रोड रेज के दौरान ब्लैक थार सवार युवकों ने सिविल इंजीनियर को बेरहमी से पीटा

गाड़ी साइड करने के मामूली विवाद में कार से खींचकर किया हमला, गर्दन की हड्डी टूटी

रेजिडेंट ने बालकनी से बनाया मारपीट का वीडियो, बादशाहपुर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-71 में रोड रेज का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां सुबह नाइट ड्यूटी से घर लौट रहे 40 वर्षीय सिविल इंजीनियर पर ब्लैक थार सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। सेक्टर 71 स्थित सिग्नेचर एंडोर हाइट्स के निवासी पीड़ित धर्मेंद्र पिछले 15 सालों से शहर में रह रहे हैं और 'एमआरजी बिल्डर' में काम करते हैं। गाड़ी साइड करने जैसे मामूली विवाद को लेकर इन युवकों ने इंजीनियर को कार से बाहर खींच लिया और उन पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।

हमले का शिकार हुए इंजीनियर खुद को छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन थार सवार युवक उन्हें तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरे नहीं हो गए। इस पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी हिमाचल प्रदेश नंबर (HP 90-8901) की ब्लैक थार कार में सवार होकर वहां से भाग निकले। इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे पास ही रहने वाले एक रेजिडेंट ने अपनी बालकनी से रिकॉर्ड किया है। घटना से जुड़े सोसाइटी गेट के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

मारपीट के बाद सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायल धर्मेंद्र को संभाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और इस हमले में उनकी गर्दन की हड्डी भी टूट गई है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है और इलाज चल रहा है। धर्मेंद्र ने इस घटना की लिखित शिकायत बादशाहपुर थाने में दी है। पुलिस अब वायरल वीडियो और फुटेज की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।