हिट एंड रन केस: कल्याण बैंसला 2 दिन की रिमांड पर, पुलिस करेगी सीन रीक्रिएट
गुरुग्राम हिट एंड रन केस में कल्याण बैंसला और लवनीश 2 दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस सीन रीक्रिएट करेगी, सिया ने भी अपनी बात रखी।
कल्याण बैंसला और लवनीश 2 दिन की पुलिस रिमांड पर, सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस
➤ सिया बोलीं- फॉलोअर्स के लिए नहीं किया, मुझे दिल्ली में सब जानते हैं
➤ केस में हत्या की कोशिश के साथ पीछा करने और अश्लील इशारे की धाराएं भी जुड़ीं
गुरुग्राम में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला और उसके साथ कार में मौजूद लवनीश को कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को निधि बेनिवाल की कोर्ट में पेश किया था। पुलिस ने मामले की जांच के तहत घटनास्थल का सीन रीक्रिएट करने के लिए 2 दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी।
बचाव पक्ष के वकील ललित बिंदल ने रिमांड का विरोध करते हुए दलील दी कि कल्याण पहले ही 24 घंटे से पुलिस कस्टडी में है। उनके मुताबिक, इस दौरान भी सीन रीक्रिएट किया जा सकता था।
पुलिस से भागने की कोशिश में गिरा था कल्याण
मंगलवार को कल्याण ने पुलिस से भागने की कोशिश की थी। इस दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद मंगलवार रात मीडिया से बातचीत में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया ने कल्याण के इंटरव्यू और उसके फॉलोअर्स की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर अपनी बात रखी।
सिया ने कहा कि उन्होंने कल्याण का इंटरव्यू सुना है। उनके मुताबिक, कल्याण के फॉलोअर्स कह रहे हैं कि वह विक्टिम कार्ड खेल रही हैं और यह सब फॉलोअर्स के लिए कर रही हैं। सिया ने कहा कि वह पढ़ी-लिखी हैं, फिर भी उनसे यह कहा जा रहा है कि उन्हें जानता ही कौन है।
सिया बोलीं- 2022 में सबसे युवा उम्मीदवार थी
सिया ने अपनी पहचान को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि 2022 में उन्होंने दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव लड़ा था और वह सबसे युवा उम्मीदवार थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली में सब जानते हैं।
सिया के मुताबिक, घटना के बाद वह अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थीं, लेकिन अब उनकी पहचान सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि वह अपनी चीजों के लिए स्ट्रॉन्गली स्टैंड लेंगी और उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि कल्याण के फॉलोअर्स क्या कह रहे हैं। उन्होंने फॉलोअर्स की मानसिकता पर भी सवाल उठाया।
सिया ने कहा- कोर्ट में सब बताया, स्ट्रिक्ट एक्शन की मांग की
सिया ने कहा कि उनके साथ जो भी हुआ, उसके बारे में उन्होंने कोर्ट में सब बताया है। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्हें मारने की कोशिश की गई और उनकी मौत भी हो सकती थी। सिया ने इस मामले में स्ट्रिक्ट एक्शन की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अगर तीन दिन बाद किसी ने उनकी बेल करा दी तो इसे स्ट्रिक्ट एक्शन नहीं कहा जाएगा।
सिया ने यह भी कहा कि गाड़ी में दो लोग और थे, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, घटना के दौरान कोई भी व्यक्ति गाड़ी से उतरकर नीचे नहीं आया। उन्होंने आरोपियों को सजा मिलने की मांग करते हुए कहा कि अगर सजा नहीं मिली तो आगे भी ऐसे केस होंगे।
घुटनों में चोट के बाद करवाया एक्स-रे
सिया ने बताया कि उन्हें कुछ चोटें आई हैं। इसके चलते उन्होंने घुटनों का एक्स-रे करवाया है। उन्होंने कहा कि घटना में उन्हें लगी चोटों और पूरे मामले को लेकर वह कोर्ट में अपनी बात रख चुकी हैं।
DCP बोले- तीन टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश की गई
DCP ईस्ट संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान लवनीश कल्याण के साथ कार में मौजूद था।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया था कि कार से उस पर कमेंट भी किए गए थे। इसके आधार पर केस में BNS की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (अश्लील इशारे करना) भी लगाई गई हैं। इसके अलावा मामले में हत्या की कोशिश की धारा 109 भी जोड़ी गई है।
सेफ्टी गियर की वजह से बची युवती की जान
DCP ने बताया कि सेफ्टी गियर की वजह से युवती की जान बच गई। घटना के बाद आरोपी अपने घर पर था। उसका वीडियो वायरल होने के बाद उसने मीडिया को इंटरव्यू दिया।
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह वहां से भाग निकला। मंगलवार को पुलिस से भागने की कोशिश के दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई थी।
राजस्थान के दौसा से पकड़े गए थे कल्याण और लवनीश
इस मामले में पुलिस ने कल्याण बैंसला को उसके दोस्त लवनीश के साथ राजस्थान के दौसा से पकड़ा था। गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, कल्याण ने पेशाब करने के बहाने भागने की कोशिश की थी। भागते समय गिरने की वजह से उसके हाथ में चोट लग गई।
अब कोर्ट से 2 दिन की पुलिस रिमांड मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की जांच करेगी और सीन रीक्रिएट करेगी। इसी के साथ पुलिस घटना से जुड़े पहलुओं की जांच भी आगे बढ़ाएगी।
Akhil Mahajan