हरियाणा के युवक ने नोएडा में उठाया खौफनाक कदम, पिता को भेजे मैसेज से सामने आई दर्दनाक कहानी

गुरुग्राम के संभव जैन ने नोएडा में आत्महत्या कर ली। पिता को मैसेज, आर्थिक परेशानी, बच्चे के इलाज और तलाक से जुड़ी जानकारी जांच में सामने आई।

हरियाणा के युवक ने नोएडा में उठाया खौफनाक कदम, पिता को भेजे मैसेज से सामने आई दर्दनाक कहानी

गुरुग्राम के संभव जैन ने नोएडा की 43वीं मंजिल से कूदकर जान दी

➤ पिता को लगातार मैसेज कर कहा- बहुत डिप्रेशन में हूं, अब जीना नहीं चाहता

➤ बच्चे के इलाज में 35 से 40 लाख खर्च होने और तलाक के बाद आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था

गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन (29) ने नोएडा में सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले संभव लगातार अपने पिता विनय जैन से वॉट्सऐप पर बातचीत कर रहा था। उसने पिता को हिंदी और अंग्रेजी में कई मैसेज भेजे, जिनमें अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कही।

पुलिस को संभव के मोबाइल की जांच के दौरान पिता के साथ हुई वॉट्सऐप चैट मिली है। इसमें एक मैसेज में संभव ने लिखा था, 'पापा, अब आपको किसी को पैसे नहीं देने पड़ेंगे'। पिता उसे लगातार समझाते रहे, घर लौटने के लिए कहते रहे और ऐसा कदम न उठाने की अपील करते रहे।

घटना से पहले कहा- बहुत डिप्रेशन में हूं

पुलिस के मुताबिक, संभव ने 2 अक्टूबर को सुपरनोवा बिल्डिंग में कमरा नंबर 4228 किराए पर लिया था। शनिवार सुबह करीब 11:27 बजे वह 43वें फ्लोर की बालकनी की रेलिंग पर चला गया और बाहर लटक गया।

पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियन की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने संभव को समझाने और रोकने की कोशिश की। इसी दौरान संभव ने उनसे कहा, 'मैं बहुत ज्यादा डिप्रेशन में हूं, अब जीना नहीं चाहता।'

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने रेलिंग छोड़ दी और नीचे गिर गया। घटना में उसकी मौत हो गई।

पिता को लगातार भेज रहा था मैसेज

जांच के दौरान पुलिस को संभव और उसके पिता की वॉट्सऐप चैट से कई अहम जानकारी मिली है। संभव ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मैसेज भेजे थे। इनमें उसने अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कही थी।

पुलिस ने मोबाइल फोन और चैट को सुरक्षित रखा है। जांच में पुलिस को संभव के मोबाइल से करीब दो मिनट का एक वीडियो भी मिला है, जिसे घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया था। इस वीडियो में भी उसने अपनी आर्थिक परेशानी का जिक्र किया। पुलिस के अनुसार, उसने किसी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया।

CCTV फुटेज भी सुरक्षित

घटना के बाद नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने बिल्डिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संभव के सुपरनोवा में चेक-इन करने से लेकर कमरे तक जाने की फुटेज भी सुरक्षित कर ली है।

घटना के समय बिल्डिंग में मौजूद टेक्नीशियन और होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

2024 में हुई थी शादी, बच्चे के इलाज में खर्च हुए 35 से 40 लाख

परिजनों के मुताबिक, संभव की शादी 2024 में हुई थी। वर्ष 2025 में उसके बच्चे का समय से पहले जन्म हुआ था। बच्चा जन्म से ही बीमार था और उसके इलाज पर परिवार ने करीब 35 से 40 लाख रुपए खर्च किए।

परिवार के अनुसार, इलाज के बावजूद बच्चे की तबीयत लगातार खराब रही। इसके बाद संभव का पत्नी से कोर्ट से तलाक हो गया। इन परिस्थितियों के बीच वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था।

घटना का वीडियो भी सामने आया

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें संभव 43वें फ्लोर की रेलिंग पर लटका दिखाई देता है। वह कुछ सेकंड तक वहां मौजूद रहा। फ्लोर पर एक अन्य व्यक्ति भी नजर आता है। लोगों ने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, वॉट्सऐप चैट और वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और संभव की मानसिक व आर्थिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।