कार के अंदर युवक की ह*त्या, 15 गोलियां मारने की आशंका,गैंगस्टर की पत्नी के मर्डर में था आरोपी
गुरुग्राम के सिधरावली गांव में दीपक उर्फ दीपू की कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अशोक राठी गैंग का सदस्य और सुषमा हत्याकांड का आरोपी था।
गुरुग्राम के सिधरावली गांव में दीपक उर्फ दीपू की गोली मारकर हत्या
➤ कार में ड्राइविंग सीट पर सीट बेल्ट लगाए मिला शव, 10 से 15 गोलियां लगने की आशंका
➤ अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था दीपक, गैंगस्टर की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोपी
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सिधरावली गांव में सोमवार सुबह बदमाशों ने 35 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर गांव के बस अड्डे के पास उसकी स्विफ्ट कार को दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर रोका और ड्राइविंग सीट पर बैठे दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने कार के अंदर लहूलुहान हालत में उसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। दीपक को कितनी गोलियां लगीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी। पुलिस के मुताबिक, उसे 10 से 15 गोलियां लगने की आशंका है। दीपक कुख्यात अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था। उस पर गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोप था। पुलिस इस वारदात की जांच गैंगवार के एंगल से भी कर रही है।
दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर रोकी कार, संभलने का मौका दिए बिना फायरिंग
सोमवार सुबह सिधरावली गांव के बस अड्डे के पास फुट ओवरब्रिज के नजदीक मारुति स्विफ्ट कार खड़ी मिली। कार की ड्राइविंग सीट पर दीपक का शव पड़ा था। उसने सीट बेल्ट लगा रखी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने दूसरी गाड़ी से ओवरटेक करके उसकी कार को रोका और उसे संभलने का मौका दिए बिना गोलियां चला दीं।
फायरिंग इतनी तेज थी कि कार के शीशे टूट गए और एक टायर भी फट गया। गाड़ी पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। हालांकि, किसी प्रत्यक्षदर्शी ने हमलावरों को फायरिंग करते हुए नहीं देखा।
SHO बोले- रात 12 बजे घर से निकला था दीपक
बिलासपुर थाना के SHO सुनील ने बताया कि दीपक रात करीब 12 बजे घर से निकला था। आशंका है कि किसी ने उसे फोन करके बुलाया होगा। गांव से निकलकर जैसे ही वह एनएच-48 की सर्विस लेन पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने दीपक पर करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। इनमें से 10 से 15 गोलियां उसे लगने की आशंका है। हालांकि, शरीर पर लगी गोलियों की वास्तविक संख्या पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था दीपक
दीपक का नाम दिल्ली-एनसीआर के अपराध जगत में लंबे समय से जुड़ा हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था। करीब छह साल पहले अशोक राठी की हत्या के बाद भी दीपक इस गैंग में सक्रिय रहा। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी दो से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी था आरोपी
दीपक पर गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोप था। 2 सितंबर 2016 को गुरुग्राम के अलीपुर गांव में सुषमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय इस हत्या के पीछे अशोक राठी का हाथ होने का शक भी जाहिर किया गया था। मामले में दीपक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि अशोक राठी को अपनी पत्नी सुषमा के चरित्र पर शक था। आरोप था कि उसने सुषमा की हत्या कराने के लिए सुपारी दी थी। इसके लिए दीपक और ललित कटारिया को तैयार किया गया था।
योजना के तहत सुषमा की उस समय हत्या की गई, जब वह सुबह अपनी बेटी को स्कूटी पर स्कूल बस में छोड़ने के लिए सोहना रोड पर पहुंची थी। वारदात में इस्तेमाल सेंट्रो कार फरीदाबाद से चोरी की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने कार को पलवल के धतीर गांव के नजदीक जला दिया था।
2019 में घर में घुसकर अशोक राठी की भी हुई थी हत्या
अशोक राठी गुरुग्राम के अलीपुर गांव का रहने वाला था। उसका प्रभाव भोंडसी, अलीपुर, बसई और आसपास के गांवों में था। उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
16 नवंबर 2019 को अलीपुर गांव में उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे जमीन विवाद और आपराधिक वर्चस्व की रंजिश थी।
दीपक की हत्या के बाद पुलिस इस मामले की जांच गैंगवार के एंगल से भी कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
Akhil Mahajan