हिसार में दिवाली की रात होटल में म*र्डर, पटाखे जलाने पर भिड़े युवक, चाकू से गोदकर ह*त्या
हिसार के बरवाला में दिवाली की रात पटाखे जलाने पर विवाद में पांच युवकों ने मंदीप और नसीब पर चाकू से हमला किया। मंदीप की मौत, नसीब गंभीर घायल।
हिसार के बरवाला में दिवाली की रात पटाखे जलाने पर विवाद, युवक की हत्या
➤ होटल में पांच युवकों ने मंदीप और उसके दोस्त नसीब पर चाकू से किया हमला
➤ मंदीप की मौत, नसीब अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती; हमलावर फरार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। एक होटल में दोस्तों के साथ दिवाली पार्टी कर रहे युवक पर पांच युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आया उसका दोस्त भी हमलावरों के निशाने पर आ गया। चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उसका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मृतक की पहचान गांव मतलौडा निवासी मंदीप के रूप में हुई है। इस वारदात में उसका दोस्त नसीब गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि तीसरा साथी सचिन सुरक्षित है। वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दिवाली की रात होटल में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था मंदीप
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात मंदीप अपने दोस्तों नसीब और सचिन के साथ बरवाला के एक होटल में बैठा हुआ था। इसी दौरान होटल में पांच अन्य युवक भी मौजूद थे। सभी के बीच पटाखे जलाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि मंदीप पटाखे जला रहा था। इस पर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला झगड़े तक पहुंच गया।
होटल से नीचे उतरते समय पांच युवकों ने चाकू से किया हमला
विवाद के बाद जब मंदीप, नसीब और सचिन होटल से नीचे आने लगे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पांच युवकों ने मंदीप पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
मंदीप को हमलावरों से बचाने के लिए उसका दोस्त नसीब आगे आया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में मंदीप ने तोड़ा दम, नसीब की हालत गंभीर
हमले के बाद घायल मंदीप और नसीब को बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। मंदीप को गंभीर चोटें आई थीं। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वहीं, नसीब की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीसरा साथी सचिन इस हमले में सुरक्षित है।
मंदीप शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है। उसकी हत्या की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
होटल और आसपास के CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने के लिए होटल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। दीपावली की रात हुई इस वारदात के बाद गांव मतलौडा में शोक का माहौल है। जिस परिवार में त्योहार की खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
Akhil Mahajan