अंकित ह*त्याकांड: आरोपियों को एनकाउंटर का डर,कोर्ट से मांगी बुलेटप्रूफ जैकेट और सुरक्षा
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपी योगेश टुंडा और दीपक तीतर ने एनकाउंटर का डर जताकर कोर्ट से बुलेटप्रूफ जैकेट और सुरक्षा मांगी।
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपियों ने जताया एनकाउंटर का डर
➤ योगेश टुंडा और दीपक तीतर ने बुलेटप्रूफ जैकेट, हथकड़ी और बेड़ियां पहनाने की मांग की
➤ 12 नवंबर को कैराना कोर्ट में होनी है पेशी, दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में तिहाड़ जेल में बंद दो आरोपियों को अब उत्तर प्रदेश पुलिस से एनकाउंटर का डर सता रहा है। आरोपी योगेश टुंडा और दीपक तीतर ने अपनी जान को खतरा बताते हुए दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से सुरक्षा की मांग की है। दोनों ने अदालत से कहा है कि उन्हें शामली ले जाते समय हथकड़ी, बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई जाए, ताकि रास्ते में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
दोनों आरोपियों को 12 नवंबर को कैराना कोर्ट में पेश किया जाना है। इससे पहले उन्होंने सुरक्षा को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया। उनकी मांग पर कोर्ट ने जेल प्रशासन को पेशी के दौरान दोनों की सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं।
आरोपियों का कहना है कि उन्हें यूपी पुलिस से जान का खतरा है। इसकी वजह यह है कि इस हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में सोनीपत के दो युवक मोहित और सुमित पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। वहीं, करनाल के दो कथित शूटर सत्यम कादियान और आर्यन संधू अब भी फरार हैं। पुलिस ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
जिम के बाहर गोली मारकर की गई थी अंकित की हत्या
शामली के गांव बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की 26 अगस्त 2026 को जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गोगी गैंग के भोलू शाहपुरिया ने ली थी। पुलिस को शक है कि अंकित के गाने 'कोर्ट में गोली' को लेकर गैंग के सदस्य उससे नाराज थे।
पुलिस ने हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा और दीपक तीतर को भी नामजद किया है। जांच के दौरान करीब 20 लोगों के नाम सामने आने की बात कही गई थी। इनमें कई आरोपी अलग-अलग जेलों में बंद हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की हत्या की साजिश में योगेश टुंडा और दीपक तीतर की क्या भूमिका थी। इसके साथ ही जेल के अंदर से गैंग की गतिविधियां संचालित करने और आरोपियों के आपसी संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
कौन है योगेश टुंडा और दीपक तीतर?
योगेश टुंडा पर 14 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
योगेश उर्फ टुंडा मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला है। उसका नाम दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गोगी गैंग के प्रमुख सदस्यों में शामिल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके खिलाफ 14 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। टुंडा को 2019 में गिरफ्तार किया गया था।
दीपक तीतर पर करीब 24 केस
दीपक उर्फ तीतर का असली नाम दीपक डबास है। वह दिल्ली के माजरा डबास गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह पहले कार एक्सेसरीज का कारोबार करता था। 2012 में स्नैचिंग के मामले में वह सुर्खियों में आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 24 मामले दर्ज हैं।
गैंगस्टर पंपू भी जता चुका है जान का खतरा
जेल में बंद गैंगस्टरों की ओर से जान का खतरा बताकर सुरक्षा मांगने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू ने भी अदालत में अर्जी देकर अपनी जान को खतरा बताया था।
उसने पुलिस कस्टडी के दौरान हथकड़ी और बेड़ियां लगाने के साथ पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की थी। अब अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपी योगेश टुंडा और दीपक तीतर ने भी यूपी पुलिस से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
करनाल के दो कथित शूटर अब भी फरार
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में अब तक 11 से ज्यादा लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। इनमें करनाल के सत्यम कादियान और आर्यन संधू को पुलिस ने कथित शूटर बताया है। दोनों वारदात के बाद से फरार हैं। पुलिस ने उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने के साथ उनके घरों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की है।
वहीं, सोनीपत के मोहित और सुमित पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार किया गया है। गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया को पुलिस ने कथित मुख्य साजिशकर्ता बताया है। वह अभी फरार है।
इसके अलावा करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और तिहाड़ जेल में बंद योगेश उर्फ टुंडा, दीपक उर्फ तीतर, रोहित मोई और दिनेश कलारिया के नाम भी जांच में सामने आए हैं। पुलिस इन सभी की भूमिका और हत्याकांड की साजिश में उनके संपर्कों की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan