SHO की गाड़ी से पटाखे बरामद! युवक ने खोली डिग्गी,बोला- अब किस पर पर्चा करेगा?
बहादुरगढ़ में SHO की गाड़ी की डिग्गी से पटाखे मिलने का वीडियो वायरल हुआ। युवक ने पटाखे दिखाए तो पुलिसकर्मी ने उसे पीछे धकेला।
बहादुरगढ़ में SHO की सरकारी गाड़ी की डिग्गी से पटाखे मिलने का वीडियो वायरल
➤ युवक ने डिग्गी खोलकर कट्टे में रखे पटाखे दिखाए, पुलिसकर्मी ने उसे पीछे धकेला
➤ युवक ने सवाल उठाया- पटाखे किसके हैं और पुलिस किसके खिलाफ पर्चा दर्ज करेगी
हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में SHO की सरकारी गाड़ी से पटाखे मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना का करीब ढाई मिनट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग SHO बहादुरगढ़ की गाड़ी को घेरकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक गाड़ी की डिग्गी खोलकर कट्टे में रखे पटाखे दिखाता है। पटाखे सामने आने पर एक पुलिसकर्मी युवक को सिर से पकड़कर पीछे की ओर धकेलता नजर आता है।
वीडियो में पुलिसकर्मी पहले गाड़ी में पटाखे होने से इनकार करता दिखाई देता है। युवक के डिग्गी खोलकर पटाखे दिखाने के बाद पुलिसकर्मी कहता है कि जिसके पटाखे होंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर युवक सवाल करता है कि पटाखे किसके हैं और पुलिस किसके खिलाफ पर्चा दर्ज करेगी। हंगामा बढ़ने के बाद पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर वहां से चले जाते हैं।
मामले में बहादुरगढ़ पुलिस की तरफ से अभी कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। दैनिक भास्कर इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में युवक और पुलिसकर्मी के बीच क्या बातचीत हुई?
वायरल वीडियो में युवक और पुलिसकर्मी के बीच पटाखों को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है। बातचीत के दौरान युवक कहता है, "हम तो ऐसे ही गदर मचाएंगे।" इस पर पुलिसकर्मी उससे पूछता है कि गदर क्यों मचाना है।
इसके बाद युवक गाड़ी की डिग्गी की तरफ इशारा करते हुए कहता है, "अब दिखा भाई क्या है, गाड़ी में... ये देख कट्टे में बम रखे हैं।" पुलिसकर्मी गाड़ी के पास आता है। युवक उससे कट्टे में रखी चीज के बारे में पूछता है तो पुलिसकर्मी कहता है, "इसमें देख ले क्या, हाथ मत लगा इसे।"
युवक इसके बाद सवाल करता है कि ये पटाखे गाड़ी में किसके हैं। पुलिसकर्मी जवाब देता है, "जिसके हैं, पर्चा दर्ज करेंगे।" इस पर युवक पूछता है कि किसके खिलाफ पर्चा दर्ज करेंगे और वह आदमी कहां है। पुलिसकर्मी कहता है, "वो हमारा काम है।"
युवक इस पर कहता है, "थारा काम, SP को बताएंगे।" पुलिसकर्मी बिना कुछ बोले आगे चला जाता है। इसके बाद युवक कहता है, "हमारा क्या बिगाड़ेगा ये, आम आदमी है। ये गलत काम करते हैं तो वायरल होंगे।"
पहले पटाखे होने से किया इनकार, डिग्गी खुली तो दिखे कट्टे
करीब ढाई मिनट के वायरल वीडियो में एक व्यक्ति SHO की सरकारी गाड़ी में पटाखे रखे होने की बात कहते हुए सवाल करता नजर आ रहा है। शुरुआत में पुलिसकर्मी गाड़ी में पटाखे होने से इनकार करता रहता है।
हालांकि, जब गाड़ी की डिग्गी खोली जाती है तो उसमें कट्टे में रखे पटाखे दिखाई देते हैं। इसके अलावा गाड़ी के अंदर साइड में एक डिब्बे में भी पटाखे रखे नजर आते हैं। पटाखे सामने आने के बाद पुलिसकर्मी कहता है कि जिसके पटाखे होंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पटाखे दिखाने वाले युवक को धक्का देने पर बढ़ा हंगामा
वीडियो में युवक जब पटाखों की ओर इशारा करता है तो एक पुलिसकर्मी उसे सिर से पकड़कर पीछे की तरफ धकेल देता है। युवक को धक्का दिए जाने के बाद पास में खड़े कुछ अन्य युवक भी भड़कते दिखाई देते हैं।
इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ SHO की गाड़ी के आसपास जमा हो जाती है। माहौल गर्माता देख पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर वहां से चले जाते हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
बहादुरगढ़ पुलिस का आधिकारिक पक्ष नहीं आया
इस मामले में बहादुरगढ़ पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो में गाड़ी की डिग्गी में पटाखे दिखाने और पुलिसकर्मी के साथ युवक की बहस के दृश्य नजर आते हैं। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
Akhil Mahajan