हरियाणा में खाद्य आपूर्ति विभाग की बड़ी रेड, 27 गैस सिलेंडर जब्त
झज्जर और सिलानी में खाद्य आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ छापेमारी कर 20 घरेलू और 7 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए।
- झज्जर और सिलानी में खाद्य आपूर्ति विभाग की बड़ी छापेमारी
- 20 घरेलू और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडर किए गए जब्त
- घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
हरियाणा के झज्जर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने झज्जर शहर और सिलानी गांव में कई दुकानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इस दौरान 20 घरेलू गैस सिलेंडर और 7 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री की जा रही है और उनका व्यावसायिक कार्यों में भी इस्तेमाल हो रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष अभियान चलाया। टीम के पहुंचते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध बिक्री और व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में इंस्पेक्टर अजय राठी, रंजन यादव, अजय तथा उप निरीक्षक रितु कुमारी समेत विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर सिलेंडरों की जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री, कालाबाजारी या दुरुपयोग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
इंस्पेक्टर रंजन यादव ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर झज्जर और सिलानी में कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
pooja