हरियाणा में कार की टक्कर से बाइक मैकेनिक की मौ*त

कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 38 वर्षीय बाइक मैकेनिक देवेंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे में घायल मैकेनिक ने 7 नवंबर को अंबाला में दम तोड़ा।

हरियाणा में कार की टक्कर से बाइक मैकेनिक की मौ*त

कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक मैकेनिक देवेंद्र कुमार की मौत

➤ गोदाम से साथी के साथ एजेंसी लौट रहा था, पावर ग्रिड बिल्डिंग के सामने हुआ हादसा

➤ 38 वर्षीय देवेंद्र दो बच्चों का पिता था, इलाज के दौरान 7 नवंबर को अंबाला में तोड़ा दम

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक मैकेनिक की मौत हो गई। हादसा पावर ग्रिड बिल्डिंग के सामने हुआ, जहां कार ने स्कूटी पर जा रहे मैकेनिक को टक्कर मार दी। हादसे के समय वह अपने साथी के साथ गोदाम से बाइक एजेंसी लौट रहा था। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मैकेनिक ने उसे संभाला और जानकार की कार से निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण परिजन उसे अंबाला के सदोपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान 7 नवंबर को उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार (38) निवासी बाहरी मोहल्ला, कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। वह एक बाइक एजेंसी में मैकेनिक का काम करता था और एक बेटे व एक बेटी का पिता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कार चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में कार लेकर वहां से चला गया। पुलिस ने मृतक के साथी दीपक के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

साथी मैकेनिक के साथ गोदाम से एजेंसी लौट रहा था देवेंद्र

पुलिस को दिए बयान में दीपक ने बताया कि वह करनाल जिले के भादसों गांव का रहने वाला है और कुरुक्षेत्र में नई बस स्टैंड के पास स्थित बाइक एजेंसी में मैकेनिक का काम करता है। वह करीब 4 महीने से एजेंसी में नौकरी कर रहा है। देवेंद्र कुमार भी उसी एजेंसी में मैकेनिक था।

दीपक के अनुसार, शाम करीब 4:50 बजे दोनों गोदाम से अलग-अलग स्कूटी लेकर एजेंसी के लिए निकले थे। देवेंद्र आगे चल रहा था, जबकि वह उसके पीछे था। दोनों जब शाम करीब 5 बजे पावर ग्रिड बिल्डिंग के सामने पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार कार आ गई।

आरोप है कि कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए देवेंद्र की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवेंद्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

साथी ने संभाला, जानकार की कार से अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद दीपक ने देवेंद्र को संभाला। इस दौरान कार चालक भी मौके पर रुक गया था। इसके बाद दीपक ने अपने एक जानकार की कार की मदद से घायल देवेंद्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।

चंडीगढ़ जाते समय बिगड़ी तबीयत, अंबाला में कराया भर्ती

परिजन देवेंद्र को चंडीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अंबाला के सदोपुर के पास उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद परिवार ने उसे वहीं एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान 7 नवंबर को देवेंद्र कुमार की मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की।

कार चालक के खिलाफ केस दर्ज, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस के अनुसार, हादसे को लेकर देवेंद्र के साथी दीपक के बयान दर्ज किए गए हैं। उसके बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक कुछ देर मौके पर रुका था, लेकिन बाद में कार लेकर वहां से चला गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद देवेंद्र का शव परिवार को सौंप दिया।

देवेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है।