गुरुग्राम में पटाखों की बिक्री पर रोक,वर्क फ्रॉम होम पर भी सख्ती
गुरुग्राम में पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। डीसी उत्तम सिंह ने उल्लंघन पर FIR, वर्क फ्रॉम होम नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर जुर्माने के निर्देश दिए।
गुरुग्राम में तय समय सीमा के बाद पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह रोक
➤ अवैध स्टॉक मिलने पर सामान जब्त कर तुरंत FIR दर्ज करने के आदेश
➤ वर्क फ्रॉम होम का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर भी होगी कार्रवाई
डीसी उत्तम सिंह ने जारी की एडवाइजरी, निगरानी के लिए बनाई गईं विशेष टीमें; अवैध बिक्री और नियमों के उल्लंघन की सूचना 112 या हेल्पलाइन नंबर पर देने की अपील
गुरुग्राम में पटाखों की बिक्री को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद अब पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। डिप्टी कमिश्नर उत्तम सिंह ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पटाखों की अवैध बिक्री पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। ये टीमें बाजारों, गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। डीसी ने साफ कहा है कि प्रदूषण फैलाने और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वर्क फ्रॉम होम के आदेशों की अनदेखी करने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई
पटाखों की बिक्री के साथ-साथ जिला प्रशासन ने वर्क फ्रॉम होम के नियमों को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निजी और सरकारी संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम लागू करने के निर्देश दिए थे।
डीसी उत्तम सिंह के अनुसार, प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि कई संस्थान इन आदेशों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। कुछ कंपनियां कर्मचारियों को जबरन कार्यालय बुला रही हैं। ऐसे संस्थानों की पहचान की जा रही है।
प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वाली कंपनियों और संस्थानों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पटाखों की बिक्री रोकने के लिए बाजारों और गोदामों में छापेमारी
अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए उपमंडल स्तर पर विशेष कमेटियों और फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। ये टीमें शहर के प्रमुख बाजारों, गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुकानदार पटाखों का स्टॉक रखता हुआ या उनकी बिक्री करता हुआ पाया जाता है, तो उसका सामान जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही तुरंत पुलिस केस दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध बिक्री या वर्क फ्रॉम होम उल्लंघन की सूचना इन नंबरों पर दें
डीसी उत्तम सिंह ने आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर को प्रदूषण से बचाने के लिए नागरिकों को भी नियमों का पालन करना चाहिए।
यदि किसी व्यक्ति को जिले में कहीं पटाखों की अवैध बिक्री होती दिखाई देती है या कोई संस्थान CAQM के वर्क फ्रॉम होम नियमों का उल्लंघन करता नजर आता है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जा सकती है।
इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर 112 और हेल्पलाइन नंबर 92897 90948 जारी किया गया है।
शिकायतकर्ता की पहचान रखी जाएगी गुप्त
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी और मामले में आवश्यक कार्रवाई करेगी।
डीसी उत्तम सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह के उल्लंघन की जानकारी तुरंत साझा करें।
Akhil Mahajan