टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या
फरीदाबाद में पार्किंग विवाद के बाद टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार किया।
➤ पार्किंग विवाद के बाद पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की, परमजीत को लगीं 9 गोलियां
➤ सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत, 5 नवंबर को पहुंचे थे भारत
➤ पुलिस ने आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार किया, बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
हरियाणा के फरीदाबाद में मामूली पार्किंग विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की उनके ही पड़ोसी ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि शुक्रवार रात घर के बाहर पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की। इस दौरान परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परमजीत सिंगापुर में रहते थे और अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 5 नवंबर को भारत आए थे। परिवार के मुताबिक, उन्हें 24 नवंबर को शादी में शामिल होना था, लेकिन इससे पहले ही परिवार को इस दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, परमजीत का परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही पार्किंग और कुत्ते को पार्किंग में पॉटी कराने को लेकर विवाद चल रहा था।
जिम से लौटने के बाद हुआ विवाद
शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटकर घर पहुंचे। आरोप है कि उनकी तय पार्किंग जगह पर मोनू की गाड़ी खड़ी थी। परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
फायरिंग में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नौ गोलियां लगीं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोल भी एकत्र किए।
चार-पांच दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच विवाद पहली बार नहीं हुआ था। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि करीब चार-पांच दिन पहले भी मोनू और शौर्य के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, उस समय दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझ गया था।
इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। शुक्रवार रात पार्किंग में खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गया।
वारदात के बाद परिवार समेत फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और शनिवार शाम करीब चार बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस
परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर पुलिस ने मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उससे पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan