टेक महिंद्रा के एशिया हेड की ह*त्या,9 गोलियां लगने से मौ*त

फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की पड़ोसी ने पार्किंग विवाद में गोली मारकर हत्या की, आरोपी परिवार समेत फरार है।

टेक महिंद्रा के एशिया हेड की ह*त्या,9 गोलियां लगने से मौ*त

टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या की

➤ पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और डॉग को पॉटी कराने को लेकर चल रहा था विवाद

➤ आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की, परमजीत को लगीं 9 गोलियां

हरियाणा के फरीदाबाद में मामूली पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सेक्टर-21C में टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। इसमें परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों परिवारों के बीच विवाद की वजह पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर थी। शुक्रवार रात परमजीत जब जिम से घर लौटे तो पार्किंग में उनकी अलॉट की गई जगह पर पड़ोसी मोनू की गाड़ी खड़ी थी। परमजीत ने उसे गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मोनू ने पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चला दीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमों ने मौके से कारतूसों के खोल बरामद किए हैं। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से लौटे थे परमजीत

सूरजकुंड थाना पुलिस के मुताबिक, परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और काम के सिलसिले में वहां आते-जाते रहते थे। उनका परिवार फरीदाबाद में ही रहता था। वह 5 नवंबर को सिंगापुर से घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्होंने जिम भी जॉइन कर लिया था।

परमजीत परिवार में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे। उनके भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही पड़ोसी के साथ हुए विवाद में उनकी जान चली गई।

बिल्डिंग की पार्किंग से शुरू हुआ था दोनों परिवारों के बीच विवाद

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर-641 में परमजीत का परिवार पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों परिवारों के बीच पिछले काफी दिनों से विवाद चल रहा था।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि मोनू का बेटा अपने डॉग को पार्किंग की जगह पर पॉटी कराता था। परमजीत का बेटा सूर्य अक्सर इस बात पर उसे टोकता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होती रहती थी।

करीब 4-5 दिन पहले भी सूर्य और मोनू के बीच इस मामले को लेकर झड़प हुई थी। हालांकि, उस समय मामला सुलझ गया था। इसके बावजूद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

जिम से लौटते ही पार्किंग में हुआ विवाद, मोनू ने निकाल ली पिस्टल

शुक्रवार रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। जब वह पार्किंग में पहुंचे तो उनकी अलॉट की गई जगह पर मोनू की गाड़ी खड़ी थी। परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई।

बताया गया है कि मोनू पार्किंग में ही अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। कहासुनी बढ़ने के बाद उसने पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग इतनी ज्यादा हुई कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

इस हमले में परमजीत को 9 गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद मोनू अपने पूरे परिवार के साथ वहां से फरार हो गया।

थाना प्रभारी बोले- करीब 15 राउंड फायरिंग की गई

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 15 राउंड फायरिंग की थी। घटनास्थल से कारतूसों के कुछ खोल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों परिवारों के बीच पहले हुए विवादों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी मोनू शर्मा की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगी हुई हैं।