हरिद्वार जा रहे 6 लोग जिंदा जले,120 की स्पीड में पोल से टकराई कार, बनी आग का गोला
हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रहे छह लोगों की मुजफ्फरनगर में कार हादसे के बाद आग लगने से मौत हो गई। तेज रफ्तार कार पोल से टकराकर पलट गई।
हरियाणा से हरिद्वार जा रहे हिसार के 6 लोगों की कार में जिंदा जलने से मौत
➤ मुजफ्फरनगर में 120 KM की रफ्तार से बिजली के पोल से टकराई कार, डिवाइडर तोड़कर पलटी
➤ एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, कार के अंदर लोगों के सिर्फ कंकाल मिले
हरियाणा से हरिद्वार जा रहे हिसार के एक परिवार के लिए सोमवार की सुबह जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ऑरा कार बिजली के पोल से टकराने के बाद डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार 6 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर से बिजली का पोल दो टुकड़ों में टूट गया, जबकि डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा चकनाचूर हो गया। कार पलटने और उसमें आग लगने के कारण अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दमकल और पुलिस की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब कार के गेट तोड़कर अंदर देखा गया तो उसमें सवार लोगों के सिर्फ कंकाल बचे थे।
सुबह 5 बजे जग्गाहेड़ी के पास हुआ भीषण हादसा, कार में लगी आग
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास हुआ।
ऑरा कार में कुल 6 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे और हरिद्वार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान अचानक कार बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल के दो टुकड़े हो गए।
इसके बाद कार सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंची और पलट गई। कुछ ही पलों में कार में आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊंची उठीं कि हाईवे पर मौजूद लोग भी सहम गए।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकलने का नहीं मिला मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बहुत तेज थी। अचानक गाड़ी डगमगाने लगी और देखते ही देखते पलट गई। इसके बाद कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क गई।
आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया कि कोई भी कार के पास पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। कार पलटने के कारण अंदर बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ऐसे में वे बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर पाए।
हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू, कार के अंदर मिले सिर्फ कंकाल
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसका केवल ढांचा बचा था।
जब पुलिस ने कार के गेट तोड़कर अंदर देखा तो वहां का मंजर बेहद भयावह था। आग में लोगों के शव बुरी तरह जल चुके थे। शरीर का मांस पूरी तरह जल गया था और अंदर सिर्फ हड्डियां बची थीं।
पुलिस ने अवशेषों को बैग में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद जली हुई कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाया गया।
हिसार के राखी गढ़ी के रहने वाले थे सभी मृतक, साहिल चला रहा था कार
हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोग हिसार के राखी गढ़ी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कार चला रहे साहिल के पास अपने रिश्तेदार प्रवीण की कार थी। वह परिवार के साथ गाड़ी में घूमने जा रहे थे।
हरिद्वार की यात्रा पर निकले इन लोगों का सफर मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। हादसे में एक महिला समेत छह लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Akhil Mahajan