करनाल की राइस मिल में ठेकेदार की ह*त्या, दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर हुआ था विवाद
करनाल की बदरी एग्रो राइस मिल में पटाखे चलाने को लेकर विवाद के बाद ठेकेदार राधेश्याम की मौत हो गई। फोरमैन पर कस्सी से वार का आरोप है।
करनाल की बदरी एग्रो राइस मिल में ठेकेदार राधेश्याम की हत्या
➤ दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद, फोरमैन पर कस्सी से सिर पर वार करने का आरोप
➤ सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
करनाल-डांड रोड स्थित बदरी एग्रो राइस मिल में दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान मिल में काम करने वाले ठेकेदार राधेश्याम की मौत हो गई। आरोप है कि झगड़े के दौरान फोरमैन रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया। मारपीट में अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप भी लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉयलर और मिलिंग प्लांट पर काम करती हैं दोनों पक्षों की लेबर
गांव सांभली निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बदरी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, बीड़ डिडांरी स्थित राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड है। 8 नवंबर को उसकी ड्यूटी शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक थी।
अजय के अनुसार, रात करीब 9 बजे उसे मिल में काम करने वाले दो पक्षों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिली। एक पक्ष की लेबर बॉयलर पर काम करती है, जिसका फोरमैन रामभरोसे है। वहीं, दूसरे पक्ष की लेबर मिलिंग प्लांट पर काम करती है, जिसका ठेकेदार राधेश्याम था।
शिकायत के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
फोरमैन पर कस्सी से सिर पर वार करने का आरोप
सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार ने बताया कि रामभरोसे की लेबर की तरफ से अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू और अन्य लोग शामिल थे। वहीं, राधेश्याम की लेबर से हरिमोहन, विजय बहादुर, नितिश व अन्य कर्मचारी थे।
अजय के मुताबिक, झगड़े की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो राधेश्याम की मौत हो चुकी थी। मौके पर पूछताछ के दौरान उसे पता चला कि फोरमैन रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया था। अखिलेश और अन्य लोगों पर भी राधेश्याम के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
रात को ही पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार की शिकायत के आधार पर रात करीब ढाई बजे तरावड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस राधेश्याम की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Akhil Mahajan