कुलदीप बिश्नोई के नए घर पर रणजीत चौटाला का तंज, बोले- बुर्ज खलीफा बना दिया
रणजीत चौटाला ने कुलदीप बिश्नोई के आदमपुर स्थित नए घर की तुलना बुर्ज खलीफा से की। हिसार चुनाव में हार के बाद दोनों नेताओं की तल्खी फिर चर्चा में आई।
रणजीत चौटाला ने कुलदीप बिश्नोई के नए घर की तुलना बुर्ज खलीफा से की
➤ बोले- मुख्यमंत्री के बेटे रहे हैं, पैसे वाले आदमी हैं, कुछ भी बनाएं
➤ हिसार लोकसभा चुनाव में हार के बाद दोनों नेताओं के बीच बढ़ी थी तल्खी
हरियाणा के आदमपुर में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नए घर को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह चौटाला ने कुलदीप बिश्नोई के नए आशियाने पर तंज कसते हुए उसकी तुलना दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा से कर दी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कुलदीप बिश्नोई ने बहुत बड़ी और ऊंची बिल्डिंग बनाई है। उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल बड़े आदमी थे और उन्होंने भी बड़ा मकान बनाया था।
रणजीत चौटाला ने यह टिप्पणी सिरसा में कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्नोई मुख्यमंत्री के बेटे रहे हैं और पैसे वाले आदमी हैं, इसलिए वे कुछ भी बना सकते हैं। उनके इस बयान को दोनों नेताओं के बीच पहले से चली आ रही सियासी तल्खी से जोड़कर देखा जा रहा है।
रणजीत चौटाला ने कहा, "कुलदीप बिश्नोई अपना नया आशियाना बना रहे हैं। वह क्या बनाएं... उनके पिता भजनलाल जी बड़े आदमी थे, उन्होंने बड़ा मकान बनाया। मैं भी देख रहा हूं कि बुर्ज खलीफा की तरह बहुत बड़ी और ऊंची बिल्डिंग बनाई है। मुख्यमंत्री के बेटे रहे हैं, पैसे वाले आदमी हैं तो कुछ भी बनाएं।"
11 नवंबर को नए घर में गृह प्रवेश करेंगे कुलदीप बिश्नोई
कुलदीप बिश्नोई 11 नवंबर को आदमपुर स्थित अपने नए घर में गृह प्रवेश करने जा रहे हैं। इस खास मौके के लिए उन्होंने करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया है। कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेणुका और बेटे भव्य बिश्नोई भी लोगों को खुद आमंत्रित कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी के भी पहुंचने की संभावना है।
बिश्नोई परिवार के इस नए आशियाने को लेकर इलाके में चर्चा है। इसी बीच रणजीत चौटाला की टिप्पणी ने दोनों नेताओं के बीच पुराने राजनीतिक विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
कुलदीप की टिकट कटने से शुरू हुई थी नाराजगी
कुलदीप बिश्नोई खुद हिसार लोकसभा सीट से भाजपा का टिकट चाहते थे। हालांकि, पार्टी ने कैबिनेट मंत्री रणजीत चौटाला को प्रत्याशी बना दिया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई के समर्थकों में मायूसी देखी गई थी। बताया गया कि शुरुआती दौर में कुलदीप बिश्नोई प्रचार और चुनाव कार्यालय के उद्घाटन से भी दूर रहे थे।
टिकट को लेकर बनी यह नाराजगी आगे चलकर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान की वजह बनी। चुनाव के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच दूरी की चर्चा होती रही।
चुनाव में हार के बाद और गहराया विवाद
हिसार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के जयप्रकाश (जेपी) ने रणजीत चौटाला को 63,381 वोटों से हराया था। इस हार के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों में खटास और बढ़ गई थी।
चुनाव परिणाम आने के बाद हिसार के अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में रणजीत चौटाला ने पार्टी के भीतरघात करने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने चुनाव में नुकसान पहुंचाने वालों को 'जयचंद' करार देते हुए कहा था कि जयचंद हर युग में होते हैं, लेकिन हिसार के जयचंदों का वह श्मशान घाट तक पीछा नहीं छोड़ेंगे।
भीतरघात करने वालों को लेकर हाईकमान को रिपोर्ट भेजने का दावा
रणजीत चौटाला ने दावा किया था कि वह तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा को लिखित में ऐसे नेताओं की रिपोर्ट दे चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि देवीलाल का बेटा होने के नाते वह हिसार और सिरसा के 18 विधानसभा हलकों में वोट ट्रांसफर कराने का दम रखते हैं।
उनके इस बयान के बाद भी पार्टी के भीतर चुनाव में कथित भीतरघात को लेकर चर्चाएं जारी रही थीं।
वायरल ऑडियो से भी बढ़ा था घमासान
लोकसभा चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर 1 मिनट 24 सेकेंड का एक ऑडियो भी जमकर वायरल हुआ था। इसमें रणजीत चौटाला जैसी आवाज वाला एक व्यक्ति आर्य नगर के बलजीत सिंह से बातचीत करता सुनाई दे रहा था। ऑडियो में वह व्यक्ति चुनाव में मिली हार का ठीकरा कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अभिमन्यु, रणधीर पनिहार और सुभाष बराला पर फोड़ रहा था।
ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई थी। अब कुलदीप बिश्नोई के नए घर को लेकर रणजीत चौटाला की टिप्पणी ने दोनों नेताओं के बीच चल रही सियासी खींचतान को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
राजस्थानी थीम पर तैयार हुआ है कुलदीप बिश्नोई का नया घर
कुलदीप बिश्नोई का आदमपुर में बना नया घर राजस्थानी थीम पर तैयार किया गया है। गृह प्रवेश की तारीख 11 नवंबर तय की गई है। कार्यक्रम में करीब 50 हजार मेहमानों को बुलाने की तैयारी है। इस मौके पर देसी घी का हलवा, कढ़ी और चूरमा परोसे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल का परिवार अब दिल्ली के साथ आदमपुर में भी समय बिताएगा। इसी बीच नए घर को लेकर रणजीत चौटाला की टिप्पणी ने इस आयोजन को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है।
Akhil Mahajan