सोनीपत में शराब पार्टी के दौरान युवक की ह*त्या, सिर पर नुकीली चीज से किए कई वार,ठेके के पीछे मिला श*व
सोनीपत के ताजपुर गांव में 35 वर्षीय मुकेश उर्फ भालू की हत्या कर दी गई। शराब ठेके के पीछे शव मिला, परिजनों ने दो युवकों पर शक जताया।
सोनीपत के ताजपुर गांव में 35 वर्षीय मुकेश उर्फ भालू की सिर पर नुकीली वस्तु से वार कर हत्या
➤ रात को पवन और निक्कू के साथ शराब ठेके के पीछे बैठकर पी रहा था शराब, सुबह मिला शव
➤ परिजनों ने दोनों युवकों पर जताया हत्या का शक, मुरथल थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। ताजपुर गांव में 35 वर्षीय युवक मुकेश उर्फ भालू का शव मंगलवार सुबह शराब ठेके के पीछे रास्ते पर पड़ा मिला। उसके सिर पर किसी नुकीली वस्तु से कई वार किए गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुकेश रात को गांव के ही दो युवकों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने गांव के ही पवन और निक्कू पर मुकेश की हत्या करने का शक जताया है। सूचना मिलने के बाद मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान ताजपुर गांव निवासी मुकेश उर्फ भालू (35) के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसके दो बेटे तथा दो बेटियां हैं। मुकेश ट्रॉला चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ठेके के पीछे रास्ते पर बैठकर तीनों पी रहे थे शराब
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुकेश बीती रात गांव के ही पवन और निक्कू के साथ शराब पी रहा था। तीनों शराब ठेके के पीछे बने रास्ते पर बैठे हुए थे। पवन और निक्कू मजदूरी करते हैं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। आशंका है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों युवकों ने मुकेश पर हमला कर दिया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तीनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और हत्या की असली वजह क्या रही।
सिर पर नुकीली वस्तु से किए कई वार, मौके पर ही हुई मौत
आरोप है कि पवन और निक्कू ने किसी नुकीली वस्तु से मुकेश के सिर पर कई वार किए। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसका शव शराब ठेके के पीछे रास्ते पर पड़ा रहा।
परिजनों ने दोनों युवकों पर हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रात को तीनों के बीच क्या हुआ था और किस परिस्थिति में मुकेश की हत्या की गई। हत्या में इस्तेमाल की गई नुकीली वस्तु को लेकर भी जांच की जा रही है।
सुबह शव देखकर ग्रामीणों ने परिवार को दी सूचना
मंगलवार सुबह गांव के लोगों ने शराब ठेके के पीछे रास्ते पर मुकेश का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिवार के लोगों को घटना का पता चलते ही उन्होंने पुलिस को भी कॉल किया।
सुबह करीब 7 बजे सूचना मिलने पर मुरथल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए, ताकि वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
शाम को घर से निकला था मुकेश, सुबह मिला शव: SHO
मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार के मुताबिक, मुकेश की हत्या के मामले में पवन और निक्कू उर्फ महावीर पर आरोप है। मुकेश शाम को ही घर से निकल गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव मिला।
SHO ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
Akhil Mahajan